नवादा: 8 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध हत्या, गांव में फैला आक्रोश
नवादा के पकरीबरावां में 8 वर्षीय छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी।
नवादा। बिहार के नवादा जिले से एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। पकरीबरावां थाना क्षेत्र के धेवधा कॉलेज के पास स्थित लखनपुरा गांव में मंगलवार की सुबह 8 वर्षीय मासूम छात्रा का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुरुआती जांच में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
कलम खरीदने निकली थी अर्चना, फिर कभी वापस नहीं लौटी
मृतका की पहचान लखनपुरा निवासी अवधेश साव की 8 वर्षीय पुत्री अर्चना कुमारी के रूप में हुई है। अर्चना डोला मध्य विद्यालय में कक्षा 3 में पढ़ती थी और अपने चार बहनों व एक भाई में सबसे छोटी थी। परिजनों ने बताया कि सोमवार की शाम अर्चना घर से दुकान पर कलम खरीदने निकली थी। जब काफी देर तक वह घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन रात भर उसका कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार सुबह घर से करीब 500 मीटर दूर पश्चिम दिशा में ग्रामीणों ने अर्चना का शव देखा। शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का आरोप है कि किसी सिरफिरे ने मासूम के साथ हैवानियत की वारदात को अंजाम देकर उसकी हत्या कर दी और शव को फेंक दिया।
एसडीपीओ पहुंचे मौके पर, एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
घटना की गंभीरता को देखते हुए पकरीबरावां एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स जुटाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया, "सुबह बच्ची का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तुरंत हरकत में आई। मामला बेहद संवेदनशील है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साइंटिफिक एविडेंस के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।"