पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में पीएम मोदी की मौजूदगी में सम्राट कैबिनेट का विस्तार, राज्यपाल दिलाएंगे नए मंत्रियों को शपथ, पटना में पीएम मोदी का मेगा रोड शो

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार का कैबिनेट विस्तार होगा, जिसमें कई नए मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में पीएम मोदी की मौजूदगी में सम्राट कैबिनेट का विस्तार, राज्यपाल दिलाएंगे नए मंत्रियों को शपथ, पटना में पीएम मोदी का मेगा रोड शो
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना: बिहार की सियासत के लिए आज का दिन बेहद खास माना जा रहा है. पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान आज एक बार फिर बड़े राजनीतिक और ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार का कैबिनेट विस्तार होगा, जिसमें कई नए मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। राजधानी पटना में सुबह से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। गांधी मैदान के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है और हजारों की संख्या में समर्थकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। पूरे राज्य की निगाहें अब इस ऐतिहासिक समारोह पर टिकी हुई हैं।

जानकारी के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12 बजे शुरू होने की संभावना है। बिहार के राज्यपाल सैय्यद अता हसनैन नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। सम्राट मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में 30 से अधिक मंत्रियों को जगह दी जाएगी. राज्यपाल सैयद अता हसनैन पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भाजपा के 15 और जदयू के 14 मंत्रियों को शपथ दिलायेंगे. सरकार में जदयू के दो उपमुख्यमंत्री पहले से शामिल हैं.. इससे पहले पटना सज-धज कर तैयार हो गया है. पीएम मोदी का पटना एयरपोर्ट से लेकर गांधी मैदान तक रोड शो भी होगा, जिसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है.

पटना में जगह-जगह लगाए गए पोस्टर

पटना में जगह-जगह पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, सीएम सम्राट चौधरी और अन्य घटक दलों के नेताओं से जुड़े पोस्टर लगाए गए हैं. पटना के इनकम टैक्स चैराहे को तो बेहद खूबसूरत तरीके से सजा दिया गया है. इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं.

पटना में पीएम मोदी का रोड शो

आज के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी शामिल होंगे, जिसके कारण भव्य तैयारियां की गई हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार की शाम ही पटना पहुंचे थे. ऐसे में आज पीएम मोदी का पटना में रोड शो होने वाला है. जानकारी के मुताबिक, पटना एयरपोर्ट से लेकर गांधी मैदान तक पीएम मोदी का रोड शो होगा. शहर में पीएम मोदी लगभग डेढ़ घंटे तक रहेंगे.

शपथ ग्रहण समारोह में अमित शाह के अलावा जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, ललन सिंह, चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे. शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सीएम सम्राट चौधरी ने खुद ही गांधी मैदान जाकर तैयारियों के बारे में जानकारी ली थी

वहीं, बुधवार शाम पटना पहुंचने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नेहरू पथ स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन भी उनके साथ मौजूद रहे। सभी नेताओं ने मंदिर में हनुमान जी की आरती कर देश और बिहार की सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर परिसर में गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष प्रो. रणवीर नंदन ने किया। इस अवसर पर मंदिर न्यास समिति के सदस्य, पुजारी और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंदिर में नेताओं के पहुंचने के दौरान सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।