अनंत सिंह की बेटी की शादी में ड्यूटी छोड़ पत्तल-पूरी परोसना होमगार्ड जवान को पड़ा महंगा, ट्रैफिक एसपी ने किया लाइन हाजिर
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी समारोह के दौरान वर्दी में पत्तल परोसने के मामले में होम गार्ड के जवान सतीश कुमार पर कार्रवाई की गई है।
पटना/मोकामा: बिहार में इन दिनों मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी बिहार ही नहीं पूरी दुनिया में चर्चा में है. 25 नवंबर को शिवांगी ने ऋषिकेश के साथ सात फेरे लिए. लेकिन शाही शादी से जुड़े एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. जिसमें वर्दी में तैनात एक होमगार्ड जवान अनंत सिंह के यहां भोज में पत्तल और पूरी परोस रहा है.
25 नवंबर को बाढ़ में थी शादी
विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी 25 नवंबर को बाढ़ में थी। समारोह में यातायात संचालन के लिए कई ट्रैफिक कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान सतीश कुमार ड्यूटी छोड़कर वर्दी में ही खाने का पत्तल परोसने लगे। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
वीडियो सही पाया गया
वीडियो की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ यातायात अधिकारियों ने उसका सत्यापन कराया, जिसमें वह सही पाया गया। मामले को गंभीर मानते हुए जवान के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई का आदेश जारी किया गया।
"छवि धूमिल हुई"
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार इस घटना से यातायात पुलिस की छवि धूमिल हुई है और यह जवान की ड्यूटी के प्रति लापरवाही को दर्शाता है। अधिकारी ने कहा कि पटना यातायात पुलिस यातायात व्यवस्था के सुचारु संचालन तथा ड्यूटी में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
dhananjaykumarroy