बिहार में छठ पर घर आए युवक की गोली मारकर हत्या, सिर और सीने में दागीं गोलियां, पुल के नीचे मिला शव
बिहार के मुजफ्फरपुर में छठ पूजा पर घर आए एक युवक की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना साहेबगंज थाना क्षेत्र के माधोपुर इलाके की है।
MUZAFFARPUR: बिहार के मुजफ्फरपुर में छठ पूजा पर घर आए एक युवक की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना साहेबगंज थाना क्षेत्र के माधोपुर इलाके की है। शुक्रवार की रात अपराधियों ने युवक को सिर और सीने में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद शव और उसकी बाइक को पुल के नीचे फेंककर फरार हो गए। शनिवार को स्थानीय लोगों ने पुल के पास शव देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान माधोपुर गांव निवासी गिरधारी राय के पुत्र छोटेलाल कुमार के रूप में हुई है। वह चार भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
छठ पर घर आया था छोटेलाल
जानकारी के अनुसार, छोटेलाल कुमार असम के दीमापुर में रहकर ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता था। छठ महापर्व मनाने के लिए वह अपने गांव आया हुआ था। इसी दौरान शुक्रवार की रात अज्ञात अपराधियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। गोली सिर और सीने में लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मोबाइल फोन से हत्याकांड का खुलासा करने में जुटी पुलिस
शनिवार को शव मिलने की सूचना पर साहेबगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान मृतक की जेब से मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड की जांच कर रही है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है, ताकि जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।
सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
pranavpr