अवैध हथियार के साथ कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, चचेरे भाई समेत दो दबोचे गए
सहरसा में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ कुख्यात अपराधी और उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से दो लोडेड कट्टा और 37 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
सहरसा। खबर सहरसा से है। जहां अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे रात्रि गश्ती अभियान के दौरान चिरैया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रैठी गांव के समीप सड़क पर छापेमारी कर कुख्यात अपराधी बिरजू यादव और उसके चचेरे भाई अमरजीत कुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से दो लोडेड देशी कट्टा, 37 जिंदा कारतूस और कारतूस रखने वाला एक बिंदोलिया बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बिरजू यादव कनरिया थाना क्षेत्र के हसुलिया गांव का रहने वाला है और उसका पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। सहरसा के विभिन्न थानों और खगड़िया रेल थाना में हत्या और लूट समेत पांच मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। सिमरी बख्तियारपुर के प्रभारी एसडीपीओ धीरेंद्र पांडे ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।