नौबतपुर के चिरौरा पंचायत में लगा सहयोग शिविर, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने किया उद्घाटन, बोले- हर पंचायत में महीने में दो बार लगेगा कैंप
पटना के नौबतपुर प्रखंड के चिरौरा पंचायत स्थित उच्च विद्यालय खेल मैदान में मंगलवार को बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी “सहयोग शिविर” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पटना के नौबतपुर प्रखंड के चिरौरा पंचायत स्थित उच्च विद्यालय खेल मैदान में मंगलवार को बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी “सहयोग शिविर” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी और लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. त्यागराजन एस एन ने कहा कि पटना जिले के 41 पंचायतों में एक साथ सहयोग शिविर लगाया गया है। उन्होंने बताया कि अब प्रत्येक महीने के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को हर पंचायत में इस प्रकार का शिविर आयोजित किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े और पंचायत स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने बताया कि शिविर स्थल पर कुल 19 काउंटर लगाए गए हैं, जहां अलग-अलग विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। इनमें राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, राशन, मनरेगा, कृषि सहित अन्य विभागों के स्टॉल शामिल रहे। वहीं स्थानीय थाना का भी एक विशेष स्टॉल लगाया गया, जहां लोगों की शिकायतों एवं समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई और समाधान की व्यवस्था की गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने जिला प्रशासन को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीण जनता के लिए काफी लाभकारी साबित होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के सपनों को वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगे बढ़ा रहे हैं और सरकार की प्राथमिकता है कि हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से सरकार और जनता के बीच की दूरी कम होगी तथा लोगों में जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने मौके पर ही अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
शिविर में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल देखने को मिला। चिरोला पंचायत के मुखिया अभिषेक कुमार ने बताया है कि हमारे पंचायत के लिए यह सौभाग्य की बातें जो जिला प्रशासन ने चिरोड़ा पंचायत को चुना वही काफी संख्या में जीविका दीदी के लोग भी सहयोग शिविर में शामिल हुआ। उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी जी के द्वारा सुकन्या योजना आवास योजना शौचालय योजना के तहत लाभार्थियों को चेक दिया गया।
Divya Singh