पटना में डीएम ने जनगणना 2027 के पहले चरण का किया शुभारंभ, घर-घऱ जाकर डेटा एकत्र करेंगे अधिकारी, सही और पूर्ण जानकारी देने की अपील

भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण का औपचारिक शुभारंभ

पटना में डीएम ने जनगणना 2027 के पहले चरण का किया शुभारंभ, घर-घऱ जाकर डेटा एकत्र करेंगे अधिकारी, सही और पूर्ण जानकारी देने की अपील
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना: भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य का औपचारिक शुभारंभ शनिवार को दानापुर नगर परिषद क्षेत्र के रामजीचक स्थित बाटा फैक्ट्री के पास आयोजित कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसमें जिला पदाधिकारी डॉ त्यागराजन एस. एम., उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने विधिवत रूप से अभियान का शुभारंभ करते हुए जनगणना के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “जनगणना देश की नीतियों और विकास योजनाओं की आधारशिला है। आम नागरिकों से अपील है कि वे सही और पूर्ण जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहयोग करें।” उन्होंने यह भी कहा कि सटीक आंकड़े ही बेहतर योजना निर्माण और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण को सुनिश्चित करते हैं।

कार्यक्रम में दानापुर नगर परिषद एवं खगौल नगर परिषद के कार्यपालक अधिकारियों सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अधिकारियों ने जनगणना प्रक्रिया के विभिन्न चरणों और इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकानों की गिनती और उनकी स्थिति से संबंधित आंकड़े जुटाए जाएंगे, जो आगे चलकर सामाजिक-आर्थिक योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे गणनाकारों को सही जानकारी दें, ताकि जिले और राज्य के विकास की योजनाएं सटीक आधार पर तैयार की जा सकें।