CM योगी ने गोरखनाथ मंदिर में की गोवर्धन पूजा, बोले- हर हाल में करनी है गाय की रक्षा, सड़कों पर नहीं दिखेंगी गाय

गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की।

CM योगी ने गोरखनाथ मंदिर में  की गोवर्धन पूजा, बोले- हर हाल में करनी है गाय की रक्षा, सड़कों पर नहीं दिखेंगी गाय
Image Slider
Image Slider
Image Slider

UP News: गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की। इस दौरान उन्होंने गायों और गोवंश का पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। गोपूजन के बाद मुख्यमंत्री ने गायों को अपने हाथों से गुड़ और केला खिलाया। उन्होंने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर हाल में गाय की रक्षा करनी है और उसके नस्ल सुधार की दिशा में भी काम करना होगा।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया गोपूजन

दीपावली के दिन से गोरखपुर प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की। उन्होंने गायों को तिलक लगाया और माला पहनाकर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री कई गायों को उनके नाम से पुकारते और दुलार करते नजर आए।

7700 से अधिक गोशालाओं में 16 लाख गोवंश संरक्षित

गोवर्धन पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार गोसंरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में 7700 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश का संरक्षण किया जा रहा है।

गोपालकों को हर महीने मिल रही 1500 रुपये की सहायता

सीएम योगी ने बताया कि सरकार गोसंरक्षण के लिए तीन तरह की योजनाएं चला रही है। सहभागिता योजना के तहत किसान निराश्रित गोआश्रय स्थलों से चार गाय तक ले सकते हैं। इसके पालन-पोषण के लिए सरकार प्रति गाय 1500 रुपये प्रतिमाह देती है। इस तरह किसान को चार गायों पर हर महीने 6000 रुपये तक की आर्थिक सहायता मिल सकती है।

इसके अलावा कुपोषित परिवारों को दूध उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक ब्याई हुई गाय और उसके पालन-पोषण के लिए 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं।

गायों को सड़कों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि गायें सड़कों पर न घूमें और किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन विभाग और शहरी क्षेत्रों में नगर विकास विभाग के माध्यम से गोआश्रय स्थलों और कान्हा उपवन का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोवंश का संरक्षण सम्मानजनक तरीके से होना चाहिए और हर पशुपालक को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।