पटना साहिब में विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव के होली मिलन समारोह में उमड़ा भाजपा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब
बिहार विधानसभा अध्यक्ष और पटना साहिब के विधायक नंदकिशोर यादव द्वारा आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखा।

PATNA: बिहार विधानसभा अध्यक्ष और पटना साहिब के विधायक नंदकिशोर यादव द्वारा आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखा। समारोह में बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं, जिन्होंने पूरे जोश और उमंग के साथ होली का त्यौहार मनाया। विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने कार्यकर्ताओं को चंदन का टीका लगाकर और फूलों की वर्षा कर होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखा गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच गुलाल उड़ाकर और अबीर-गुलाल लगाकर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को होली की बधाइयां दीं।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि होली भाईचारे और प्रेम का पर्व है और भाजपा कार्यकर्ता इसी भावना के साथ समाज को एकजुट करने का काम कर रहे हैं। वहीं, सांसद रविशंकर प्रसाद ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह पर्व हमें समाज में सद्भाव और एकता का संदेश देता है।
समारोह में शामिल स्थानीय नेताओं, पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे और लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीतियों पर चर्चा की। पटना साहिब में आयोजित इस भव्य होली मिलन समारोह ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश भर दिया, जिससे पार्टी को आगामी चुनावों में मजबूती मिलेगी।
पटना सिटी से अनिल कुमार की रिपोर्ट