Bihar Budget Session 2026: विधानसभा में भाषण पढ़ते समय कई बार फंसे तेजस्वी यादव, सत्ता पक्ष के विधायकों ने लगाए ठहाके
बिहार बजट सत्र 2026 के दौरान विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भाषण पढ़ते समय कई बार अटक गए। इस पर सत्ताधारी विधायकों ने ठहाके लगाए। बाद में तेजस्वी ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए बैठकर बोलने की अनुमति मांगी, जिसे स्पीकर ने स्वीकार कर लिया
पटना।बिहार विधानसभा के बजट सत्र 2026 के तीसरे दिन सदन में उस वक्त हल्का-फुल्का लेकिन सियासी माहौल गर्म हो गया, जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान भाषण पढ़ते समय कई बार अटकते नजर आए। तेजस्वी यादव की यह स्थिति देखकर सत्ताधारी दल के विधायकों ने सदन में जोरदार ठहाके लगाए, जिससे विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच नोकझोंक का माहौल बन गया।
दरअसल, बिहार विधानसभा में आज राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा शुरू हुई। स्पीकर ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को अपनी बात रखने के लिए 25 मिनट का समय दिया था। तेजस्वी यादव ने अपने भाषण की शुरुआत सरकार पर निशाना साधते हुए की और कहा कि राज्यपाल जो अभिभाषण पढ़ते हैं, वह अधिकारियों द्वारा तैयार किया गया होता है और उसमें नया कुछ नहीं होता।
हालांकि, भाषण के दौरान तेजस्वी यादव को कागज पर लिखे बिंदुओं को पढ़ने में कई बार परेशानी होती दिखी। वह बार-बार रुकते और शब्दों को ठीक से पढ़ नहीं पा रहे थे। यह स्थिति कुछ देर तक बनी रही, जिसके बाद सदन में मौजूद सत्ताधारी दल के विधायकों ने ठहाके लगाने शुरू कर दिए। सत्ता पक्ष की इस प्रतिक्रिया पर विपक्षी बेंच से भी आपत्ति जताई गई।
इसके बाद तेजस्वी यादव ने स्पीकर से अनुरोध करते हुए कहा,“अध्यक्ष महोदय, अगर अनुमति हो तो मुझे बैठकर भाषण पढ़ने दिया जाए। मेरा नाखून खराब हो गया है, काफी दर्द है और मैं दवा खाकर आया हूं।”तेजस्वी यादव की इस बात पर स्पीकर ने उन्हें बैठकर अपनी बात रखने की अनुमति दे दी।बैठकर बोलते हुए भी तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमले जारी रखे और राज्य की कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और प्रशासनिक फैसलों को लेकर सवाल उठाए। वहीं, सदन में मौजूद सत्ताधारी दल के नेता बीच-बीच में उनकी बातों पर प्रतिक्रिया देते नजर आए।
गौरतलब है कि तेजस्वी यादव की शैक्षणिक योग्यता को लेकर सत्ता पक्ष के नेता पहले भी सवाल उठाते रहे हैं। कई मौकों पर सत्ताधारी दल के नेताओं ने यह दावा किया है कि तेजस्वी यादव नौवीं पास नहीं हैं, जिसको लेकर राजनीतिक बयानबाजी और विवाद भी होते रहे हैं। आज का यह वाकया एक बार फिर उसी सियासी बहस को हवा देता नजर आया।बजट सत्र के दौरान हुई इस घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं और इसे सत्ता पक्ष बनाम विपक्ष की नई सियासी तकरार के रूप में देखा जा रहा है।
pragatisharma3959