विश्व जल दिवसः बिहार को राष्ट्रीय सम्मान , डॉ. एन. विजयलक्ष्मी के नेतृत्व में सराहनीय उपलब्धि
योजना एवं विकास विभाग, बिहार सरकार को जल संसाधन से संबंधित महत्वपूर्ण गणनाओं के सफल संचालन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी के सशक्त नेतृत्व, कुशल मार्गदर्शन एवं प्रभावी समन्वय का परिणाम है, जिसने राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
पटना, 23 मार्च 2026: योजना एवं विकास विभाग, बिहार सरकार को जल संसाधन से संबंधित महत्वपूर्ण गणनाओं के सफल संचालन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी के सशक्त नेतृत्व, कुशल मार्गदर्शन एवं प्रभावी समन्वय का परिणाम है, जिसने राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
विश्व जल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यह सम्मान भारत के केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और राज भूषण चौधरी तथा सचिव, जल शक्ति मंत्रालय वी.एल.कांथा राव भी उपस्थित थे।
योजना एवं विकास विभाग की ओर से यह प्रतिष्ठित सम्मान अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी द्वारा प्राप्त किया गया, जिनके साथ निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय (DES) रणजीत कुमार भी उपस्थित थे। डॉ. विजयलक्ष्मी के नेतृत्व में विभाग ने निम्नलिखित महत्वपूर्ण गणनाओं को सफलतापूर्वक संपन्न किया—
* 7वीं लघु सिंचाई गणना
* दूसरी जल निकाय गणना
* प्रथम स्प्रिंग्स (झरनों) की गणना
इसके अतिरिक्त, प्रथम प्रमुख एवं मध्यम सिंचाई परियोजना गणना के अंतर्गत जल संसाधन विभाग को भी सम्मानित किया गया, जिसमें संतोष कुमार मल्ल को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने कहा - “यह सम्मान बिहार के लिए गर्व का विषय है। अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों विशेषकर जून से अक्टूबर तक विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य तथा उसके पश्चात चुनावी दायित्वों—के बावजूद हमारी टीम ने सीमित समय में इन महत्वपूर्ण गणनाओं को सफलतापूर्वक पूर्ण किया। यह उपलब्धि विभागीय समर्पण, टीम वर्क और प्रभावी नेतृत्व का परिणाम है। इन आंकड़ों से राज्य में जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन एवं साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण को नई दिशा मिलेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कठिन परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट कार्य करते हुए समयपूर्वक इस सराहनीय कार्य को पूरा किया, जो प्रशासनिक दक्षता एवं प्रतिबद्धता का उदाहरण है। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि इन गणनाओं से प्राप्त आंकड़े राज्य में जल संसाधनों के वैज्ञानिक प्रबंधन, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह राष्ट्रीय सम्मान विभाग की कार्यकुशलता, समन्वय क्षमता एवं दूरदर्शी नेतृत्व का प्रमाण है।
योजना एवं विकास विभाग, बिहार सरकार ने डॉ. एन. विजयलक्ष्मी के मार्गदर्शन में भविष्य में भी डेटा-आधारित शासन को सुदृढ़ करने तथा सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने का संकल्प दोहराया। पटना से कुमार गौतम की रिपोर्ट।