मधुबनी में बोरे में बंद मिला युवक का शव, परिजनों ने सड़क पर रखी बॉडी, हत्या के आरोपित के घर पहुंची पुलिस
बिहार के मधुबनी जिले में युवक की हत्या के मामले को लेकर लोगों में आक्रोश है। बिस्फी प्रखंड के सिमरी निवासी विकास यादव का शव जफरा पंचायत भवन के समीप झाड़ी में बोरे के अंदर मिला था।
Madhubani News: बिहार के मधुबनी जिले में युवक की हत्या के मामले को लेकर लोगों में आक्रोश है। बिस्फी प्रखंड के सिमरी निवासी विकास यादव का शव जफरा पंचायत भवन के समीप झाड़ी में बोरे के अंदर मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सिमरी चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर प्रदर्शन
प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों ने हत्याकांड में शामिल आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए न्याय की गुहार लगाई। घटना की सूचना मिलने पर बेनीपट्टी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
आरोपित के घर पहुंची पुलिस, परिवार के सदस्य फरार
इसके बाद पुलिस पदाधिकारी हत्या के आरोप का सामना कर रहे जफरा निवासी मनीष कुमार चौपाल के घर पहुंचे। हालांकि, वहां मनीष कुमार चौपाल सहित परिवार के सभी सदस्य फरार मिले। पुलिस को घटनास्थल और आरोपित के घर से कई ऐसी सामग्री मिली है, जिसके हत्या में इस्तेमाल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इन सामग्रियों की जांच कर रही है।
हत्या की वजह और आरोपितों की गिरफ्तारी पर सवाल
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि विकास यादव की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की? हत्या के पीछे की वजह क्या थी और मामले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी कब होगी? इन सवालों के जवाब का इंतजार मृतक के परिजनों और ग्रामीणों को है।
फिलहाल इलाके के लोगों की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है। परिजन जल्द से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग कर रहे हैं।
मधुबनी से पांडव कुमार यादव की रिपोर्ट।
pranavpr