'Triple T' (Transparency, Technology and Trust) से बनेगा भ्रष्टाचार मुक्त बिहार, सुशासन को मिलेगी नई मजबूती :- मुख्यमंत्री
भ्रष्टाचारियों की खैर नहीं! बिहार में जब्त संपत्तियों का क्या करेगी सरकार? मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का यह बड़ा फैसला आपको चौंका देगा।"
पटना के ज्ञान भवन में मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस और जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 'Triple T' (Transparency, Technology and Trust) का मंत्र देते हुए भ्रष्टाचार के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' की नीति दोहराई और बिहार को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने तथा सुशासन को मजबूत करने के लिए कई बड़े फैसलों की घोषणा की।
मुख्य बिंदु :-
- बिहार के सभी 9 प्रमंडलों में विशेष निगरानी न्यायालय की स्थापना की जाएगी।
- बिहार में अपराध एवं आर्थिक अपराध से जुड़े मामलों में सरकारी गवाहों को परिवहन भत्ता उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
- बिहार के प्रत्येक जिले में निगरानी थाना तथा सभी अनुमंडलों में निगरानी ओ०पी० स्थापित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
- भ्रष्टाचारियों को चिन्हित कर बिहार सरकार उनके जब्त किए गए परिसरों में विद्यालय संचालित करेगी।
- भ्रष्टाचार में लिप्त मंत्रियों, विधायकों तथा शीर्ष से लेकर निचले स्तर तक के अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी।
- न्याय के साथ विकास तभी संभव है, जब सरकार की नीतियों एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी गड़बड़ी के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
पटना 02 जुलाई 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस एवं बिहार सतर्कता जागरूकता सप्ताह का दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित ज्ञान भवन में निगरानी विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने निगरानी अनवेषण ब्यूरो के नवीन लोगो का अनावरण किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष निगरानी विभाग के कार्यों एवं उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस के अवसर पर मैं बिहारवासियों को बधाई एवं शुभकामनायें देता हूँ। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी 9 प्रमंडलों में विशेष निगरानी न्यायालय (स्पेशल विजिलेंस कोर्ट) की स्थापना की जाएगी, ताकि भ्रष्टाचार के मामलों का त्वरित निस्तारण हो तथा दोषियों को शीघ्र दंड मिल सके। बिहार में अपराध एवं आर्थिक अपराध से जुड़े मामलों में सरकारी गवाहों को यदि गवाही देने के लिए कहीं जाना पड़े, तो उन्हें परिवहन भत्ता उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को ध्यान में रखते हुए बिहार के प्रत्येक जिले में निगरानी थाना तथा सभी अनुमंडलों में निगरानी ओ०पी० स्थापित की जाएगी। बिहार की आर्थिक अपराध इकाई एवं निगरानी अन्वेषण ब्यूरो अपने साथ विशेषज्ञ व्यक्तियों को जोड़ते हुए ऐसी आधुनिक एवं स्मार्ट कार्यप्रणाली विकसित करे कि विशेष परिस्थिति में प्रवर्तन निदेशालय (ई०डी०) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सी०बी०आई०) को भी इनके सहयोग की आवश्यकता महसूस हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, स्पेशल विजिलेंस यूनिट तथा आर्थिक अपराध इकाई सीधे कार्रवाई करे। भ्रष्टाचार करनेवाले लोगों को चिन्हित कर बिहार सरकार उनके जब्त किए गए परिसरों में विद्यालय संचालित करेगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त मंत्रियों, विधायकों तथा शीर्ष से लेकर निचले स्तर तक के अधिकारियों के विरुद्ध हमारी सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। गरीबों को न्याय दिलाना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से 'सहयोग शिविर' कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। न्याय के साथ विकास तभी संभव है, जब सरकार की नीतियों एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी गड़बड़ी के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि शॉर्टकट की संस्कृति छोड़कर ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा अपनाना होगा। विद्यालयों में भ्रष्टाचार विरोधी जागरूकता अभियान चलाकर बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी भारत को विकसित बनाने के लिये लगातार काम कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने समृद्ध बिहार बनाने के लिये काफी काम किया है, उसे आगे बढ़ाने में हमलोग लगे हैं।
उन्होंने कहा कि Triple T' (Transperancy, Technology and Trust) से बिहार भ्रष्टाचार मुक्त बनेगा और इससे सुशासन को भी नई मजबूती मिलेगी। पुनः मैं आप सभी को बधाई देता हूँ। आप सभी बिहार को आगे बढ़ाने तथा समृद्ध बिहार बनाने में अपना योगदान दीजिये।
कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, निगरानी विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेंदर एवं निगरानी अंवेषण ब्यूरो के महानिदेशक श्री जितेंद्र सिंह गंगवार ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में उपस्थित मंत्रियों, अधिकारियों एवं कर्मियों ने सतर्कता शपथ पत्र पढ़कर अपने सभी कार्यों का निष्पादन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता से करने तथा सभी कार्यों के संचालन में संबंधित कानून और नियमावली / प्रक्रियाओं का पालन करने के साथ ही जनहित को सदैव सर्वोपरि रखने का शपथ लिया।
निगरानी अनवेषण ब्यूरो के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेंदर ने मुख्यमंत्री को पौधगुच्छ भेंटकर उनका अभिनन्दन किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और तकनीकी शिक्षा मंत्री श्रीमती शीला कुमारी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो० जमा खान, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री श्री संजय कुमार सिंह, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री श्री लखेन्द्र कुमार रौशन, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, निगरानी विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेंदर, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, गृह सचिव श्री कुंदन कुमार, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो बिहार के महानिदेशक श्री जितेंद्र सिंह गंगवार सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित थे जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार के विभिन्न हिस्सों से प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यक्रम से जुड़े थे।