छठ से पहले पटना की VIP फल मंडी में फूड विभाग की रेड, सैकड़ों फल जब्त; लैब रिपोर्ट खोलेगी केमिकल का राज!
लोक आस्था के महापर्व छठ से पहले राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले फलों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की टीम लगातार बाजारों में छापेमारी कर रही है।
Patna News: लोक आस्था के महापर्व छठ से पहले राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले फलों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की टीम लगातार बाजारों में छापेमारी कर रही है। इसी कड़ी में पटना के इनकम टैक्स चौराहे स्थित VIP फल मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान सैकड़ों फल जब्त किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजने की तैयारी की जा रही है।
VIP फल मंडी में कई दुकानों की जांच
दरअसल, छठ महापर्व में केला, नारियल, सेब समेत कई फलों का विशेष महत्व होता है। ऐसे में श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित फल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग ने बाजारों पर निगरानी बढ़ा दी है। VIP फल मंडी में छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कई दुकानों की जांच की और बड़ी संख्या में फलों को जब्त किया। अब लैब जांच से पता चलेगा कि फल प्राकृतिक तरीके से पकाए गए हैं या उन्हें पकाने में किसी तरह के केमिकल का इस्तेमाल किया गया है।
कई दुकानदारों के पास नहीं मिला लाइसेंस
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने फल विक्रेताओं के लाइसेंस की भी जांच की। इस दौरान कई दुकानदारों के पास लाइसेंस नहीं होने की बात सामने आई। अधिकारियों ने उन्हें ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी। विभाग के मुताबिक, दुकानदार मात्र 100 रुपये में लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकते हैं और प्रक्रिया पूरी होने के कुछ ही घंटों में लाइसेंस प्राप्त कर सकते हैं।
दिवाली के बाद छठ पर भी विभाग सख्त
गौरतलब है कि दिवाली के दौरान भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई दुकानों पर छापेमारी की थी। उस समय फंगस लगी मिठाइयां और मिलावटी खाद्य पदार्थ मिलने के बाद कई दुकानदारों के लाइसेंस रद्द किए गए थे।
फिलहाल, जब्त फलों की लैब रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि फलों में केमिकल या किसी अन्य तरह की मिलावट की पुष्टि होती है या नहीं।
pranavpr