कांग्रेस ने लांच किया नेशनल टैलेंट हंट, “बिहार को सुनेंगे — मुखर आवाज़ चुनेंगे”: राजेश राम

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम और राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दूबे, विधान परिषद में दल के नेता डॉ मदन मोहन झा ने आज बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम को राज्य स्तर पर लांच किया।

कांग्रेस ने लांच किया नेशनल टैलेंट हंट, “बिहार को सुनेंगे — मुखर आवाज़ चुनेंगे”: राजेश राम
Image Slider
Image Slider
Image Slider

बिहार| बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम और राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दूबे, विधान परिषद में दल के नेता डॉ मदन मोहन झा ने आज बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम को राज्य स्तर पर लांच किया।

इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि बिहार प्रजातांत्रिक मूल्यों की वह भूमि है, जिसमें लोकतांत्रिक आस्था का बीज अत्यंत गहराई से बोया गया है। वही बीज आज एक वटवृक्ष का रूप धारण कर चुका है, जिसके आश्रय में सामाजिक न्याय के कर्णधार राहुल गांधी जी ने प्रजातंत्र की पुनर्स्थापना की क्रांति का आग़ाज़ किया है।

साथ ही उन्होंने कहा कि इतिहास साक्षी है कि जब-जब बिहार ने किसी क्रांति का अगाज किया है, तब-तब उसने उसे न्यायपूर्ण और निर्णायक अंजाम तक पहुँचाया है। आज जब देश एक अप्रजातांत्रिक, अन्यायी, दंभी और अहंकारी एनडीए सरकार की मनमानियों के दौर से गुजर रहा है तब कांग्रेस पार्टी ने यह मानस बनाया है कि बिहार के मूर्धन्य लोग उसके ख़िलाफ़ एक प्रभावी और मुखर भूमिका निभाएँ।

इसी दृष्टि से आज “बिहार की आवाज़” के नाम से एक टैलेंट हंट का औपचारिक शुभारंभ किया जा रहा है।

राष्ट्रीय प्रवक्ता और नेशनल टैलेंट हंट बिहार के प्रभारी अभय दूबे ने कहा कि “कांग्रेस के साथ आइए — बिहार की आवाज़ उठाइए”। इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि —

1. बिहार की आवाज़ / नेशनल टैलेंट हंट भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मीडिया विभाग की एक अभिनव पहल है, जिसे देश-भर की राज्य इकाइयों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पार्टी की संचार क्षमता को मज़बूत करना है।

2. इस नेशनल टैलेंट हंट का लक्ष्य ज़मीनी स्तर से ऐसे सक्षम व्यक्तियों की पहचान करना, उन्हें प्रशिक्षित करना और सशक्त बनाना है, जो ज़िला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठा सकें।

3. इस पहल के अंतर्गत कांग्रेस पार्टी तीन प्रमुख क्षेत्रों में प्रतिभाओं की खोज कर रही है —

मीडिया प्रवक्ता / पैनलिस्ट — जो टीवी, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सार्वजनिक मंचों पर स्पष्टता, विश्वसनीयता और अनुशासन के साथ पार्टी का पक्ष रख सकें।

रिसर्च कोऑर्डिनेटर — जो तथ्य-आधारित, शोध-आधारित सामग्री, नीतिगत विश्लेषण और मुद्दा-ब्रीफ़ तैयार कर पार्टी के संदेश को मज़बूती दें।

पब्लिसिटी कोऑर्डिनेटर — जो सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप नेटवर्क, स्थानीय मीडिया और ज़मीनी स्तर पर पार्टी का संदेश व्यापक रूप से पहुँचाएँ।

4. यह नेशनल टैलेंट हंट एक पारदर्शी और समावेशी प्रक्रिया के रूप में तैयार किया गया है, जिसमें समाज के सभी वर्गों और सभी क्षेत्रों के लोगों को समान अवसर सुनिश्चित किया गया है।

5. यह कांग्रेस पार्टी के भविष्य के संप्रेषकों, शोधकर्ताओं और जन-संपर्क नेतृत्व को विकसित करने के लिए एक दीर्घकालिक क्षमता-निर्माण कार्यक्रम है।

6. यह प्रक्रिया पूरी तरह से राजनीतिक दबाव, हस्तक्षेप या पक्षपात से मुक्त है और केवल योग्यता, क्षमता, प्रतिबद्धता और दक्षता के आधार पर संचालित की जा रही है।

7. इसमें क्षेत्रीय, सामाजिक और संगठनात्मक समावेशिता का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि समाज के सभी वर्गों और संगठन के हर हिस्से की आवाज़ को प्रतिनिधित्व मिल सके।

विधान परिषद में दल के नेता डॉ मदन मोहन झा ने इस कार्यक्रम में सभी को जिलों से लेकर प्रखंड स्तर तक इस कार्यक्रम की तैयारी और व्यापक स्तर पर नए और प्रोफेशनल लोगों को जोड़ने की कवायद इस कार्यक्रम के माध्यम से होगी। इससे कांग्रेस पार्टी में नए लोगों को जुड़ने का मौका मिलेगा।

पार्टी प्रवक्ता और बिहार के टैलेंट हंट के कन्वेनर असत नाथ तिवारी ने आगे बताया कि यह टैलेंट हंट प्राथमिक रूप से बिहार को चार हिस्सों में विभक्त कर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद जोनल स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को पटना स्थित मुख्यालय में आयोजित अंतिम चयन प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी।

इस दौरान जोनल कॉर्डिनेटर और को कॉर्डिनेटर की भी नियुक्ति की गई।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, राजीव मेहता, महिला कांग्रेस की ओर से प्रभारी विनीता भगत, सूरज कुमार सहित सभी जिला के अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष और प्रमुख नेतागण मौजूद रहें।