मुख्यमंत्री ने बिहार को दी एक और हाई-वे की सौगात, पटना से राजगीर की 20 किमी कम हो जाएगी दूरी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को नालंदा जिले के राजगीर में सालेपुर-राजगीर फोरलेन हाई-वे के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया तथा राष्ट्रीय उच्च पथ-82 पर नवनिर्मित आरओबी का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने राजगीर के सिलाव के बेलौआ में आयोजित कार्यक्रम स्थल से 862.63 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा जिला अंतर्गत सालेपुर (एसएच-78) से नूरसराय-अहियापुर-सिलाव होते हुए एनएच-120 के बेलौआ (राजगीर) तक फोर लेन हाई-वे (बौद्ध सर्किट को जोड़नेवाला राजगीर का पर्यटन मार्ग) के निर्माण कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया।

PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को नालंदा जिले के राजगीर में सालेपुर-राजगीर फोरलेन हाई-वे के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया तथा राष्ट्रीय उच्च पथ-82 पर नवनिर्मित आरओबी का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने राजगीर के सिलाव के बेलौआ में आयोजित कार्यक्रम स्थल से 862.63 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा जिला अंतर्गत सालेपुर (एसएच-78) से नूरसराय-अहियापुर-सिलाव होते हुए एनएच-120 के बेलौआ (राजगीर) तक फोर लेन हाई-वे (बौद्ध सर्किट को जोड़नेवाला राजगीर का पर्यटन मार्ग) के निर्माण कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया।
शिलान्यास के पश्चात मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पथ का निर्माण हो जाने से पटना से राजगीर की दूरी लगभग 20 किमी कम हो जाएगी। इसके बन जाने से राजगीर में अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर व हवाई अड्डा, नालंदा विश्वविद्यालय एवं राजगीर पर्यटन क्षेत्र पहुंचना सुगम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पथ के बन जाने से इस क्षेत्र में औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में प्रगति होगी। साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। ज्ञातव्य है कि इस परियोजना के माध्यम से बिहटा सरमेरा राजकीय उच्च पथ (एसएच-78), सालेपुर-करौटा पथ, बिहारशरीफ-जहानाबाद राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच-33) तथा बिहारशरीफ-राजगीर-गया-डुमरांव राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच-120) आपस में जुड़ जाएंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने ग्राम हसनपुर में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर 81 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 82 पर राजगीर रोड ओवरब्रिज (पहुंच पथ सहित) का फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राजगीर के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, इससे लोगों का आवागमन और सुगम हो जाएगा तथा जाम से निजात मिलेगी। ज्ञातव्य है कि रेलवे ओवरब्रिज राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-120 (पुराना एनएच-82) सरदार पटेल हॉल्ट एवं राजगीर परिसर में स्थित है। पहले यहां लेवल क्रॉसिंग पर जाम की स्थिति बनी रहती थी।
इस आरओबी के बगल से राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की तरफ राजगीर, नवादा एवं गयाजी से जाने के लिए पथ निकलती है। राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम है, जिसमें कई अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिस्पर्द्धाएं होती रहती हैं और आरओबी से राजगीर अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम की दूरी 8 किमी है। मुख्यमंत्री ने राजगीर खेल परिसर स्थित स्टेडियम में एशिया रग्बी अंडर 20 चैंपियनशिप की तैयारियों का जायजा लिया और वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्द्धन किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने भूटानी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, विधायक कौशल किशोर, पूर्व विधायक ई. सुनील सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, सामान्य प्रशासन विभाग तथा खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के चेयरमैन शीर्षत कपिल अशोक, बिहार खेल विश्वविद्यालय के कुलपति शिशिर सिन्हा, खेल विभाग के निदेशक महेंद्र कुमार, नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी सहित अन्य वरीय अधिकारीगण एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।