बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुरू, राज्यपाल के अभिभाषण में नीतीश सरकार की उपलब्धियों का जिक्र

बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुरू हो गया। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने अपने अभिभाषण में नीतीश सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था, महिला सशक्तिकरण और कनेक्टिविटी में हुए सुधारों को गिनाया। इस दौरान विपक्ष ने NEET छात्रा को इंसाफ देने की मांग को लेकर हंगामा किया। अभिभाषण के बाद सदन में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा।

बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुरू, राज्यपाल के अभिभाषण में नीतीश सरकार की उपलब्धियों का जिक्र
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना।बिहार विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार को औपचारिक रूप से शुरू हो गया। सत्र की कार्यवाही से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार और विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह से मुलाकात कर उन्हें गुलदस्ता भेंट किया।

इसके बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने संयुक्त सदन को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि नवंबर 2005 में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं।

कानून-व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर

राज्यपाल ने कानून-व्यवस्था की चर्चा करते हुए कहा कि बिहार में थानों की संख्या 814 से बढ़कर 1380 हो गई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज के निर्माण को राज्य की बड़ी उपलब्धि बताया।

महिला सशक्तिकरण और कनेक्टिविटी में सुधार

अभिभाषण में महिला सशक्तिकरण को लेकर भी राज्यपाल ने सरकार की नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आरक्षण और सरकारी नौकरियों में बड़े पैमाने पर लाभ मिला है।साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार में कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, जिससे राज्य के किसी भी कोने से पटना पहुंचना अब आसान हो गया है।

विपक्ष का हंगामा, NEET छात्रा का मुद्दा उठा

राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्षी विधायकों ने NEET छात्रा को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। कुछ देर के लिए सदन में शोरगुल की स्थिति बनी, हालांकि राज्यपाल थोड़ी देर रुकने के बाद फिर से अभिभाषण जारी रखा।

आर्थिक सर्वेक्षण होगा पेश

राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सरकार की ओर से सदन में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा, जिसके बाद बजट को लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।

राज्यपाल और नेताओं का स्वागत

इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ विजय सिंह भी विधानसभा पहुंचे, जहां विधायकों ने उनका गुलदस्ता देकर स्वागत किया।