डेल्हा में रेल ओवरब्रिज निर्माण कार्य का भूमि पूजन, अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने किया शुभारंभ
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह परियोजना गया शहर की यातायात व्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगी। बागेश्वरी गुमटी पर रेलवे फाटक के बार-बार बंद रहने से प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे स्कूली बच्चों, कार्यालय जाने वाले कर्मियों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आरओबी निर्माण से इन समस्याओं का स्थायी समाधान होगा और आवागमन सुगम बनेगा।
गया: अध्यक्ष बिहार विधानसभा डॉ. प्रेम कुमार ने आज गया-मानपुर रेलखंड (कि.मी. 468/16–18) पर बागेश्वरी गुमटी के स्थान पर प्रस्तावित सड़क ऊपरी पुल (आरओबी) के निर्माण कार्य का शुभारंभ डेल्हा में विधिवत भूमि पूजन कर किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, अभियंता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह परियोजना गया शहर की यातायात व्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगी। बागेश्वरी गुमटी पर रेलवे फाटक के बार-बार बंद रहने से प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे स्कूली बच्चों, कार्यालय जाने वाले कर्मियों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आरओबी निर्माण से इन समस्याओं का स्थायी समाधान होगा और आवागमन सुगम बनेगा।
उन्होंने बताया कि यह परियोजना बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, कार्य प्रमंडल, गया द्वारा क्रियान्वित की जा रही है। लगभग ₹9016.60 लाख की लागत से बनने वाला यह आरओबी गया स्टेशन को रामशिला एवं प्रेतशिला मार्ग से जोड़ेगा, जिससे धार्मिक एवं पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी। परियोजना के अंतर्गत 63.480 मीटर लंबा आरओबी, 424.8 मीटर वायाडक्ट, दोनों ओर सर्विस रोड, नाला निर्माण तथा पैदल यात्रियों के लिए लाइट फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रगति पर है तथा संबंधित विभागों को कार्य शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।
अध्यक्ष ने कहा कि गया एक अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त धार्मिक नगरी है। यहां देश-विदेश से श्रद्धालु एवं पर्यटक आते हैं। इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने से शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी, यातायात सुरक्षित होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रेम कुमार ने उपस्थित अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वही मौके पर विक्की शर्मा,शंभू केसरी ,सुनील सिन्हा,विकास कुमार, नीरज निश्चल, देवानंद पासवान, कुंदन शरण, शंभू यादव, कृष्णा साहू,राजेश मस्तान, कुंजन मिश्रा, राकेश आईटी, मालती देवी, पम्मी सिंह, राजनंदन गांधी,डब्लू राय ,श्रवण जी,कौशलेंद्र सिंह,अनु वर्णवाल,धीरेन्द्र धीरू,शिवनारायण चंद्रवंशी सहित धन्य मौजूद रहे।
पटना से कुमार गौतम की रिपोर्ट