बिहार में भारी बवाल..! पुलिस ने फिर तानी AK 47, भीड़ ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

बिहार के समस्तीपुर जिले में चार साल के मासूम बच्चे की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। घटना से नाराज लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बिहार में भारी बवाल..! पुलिस ने फिर तानी AK 47, भीड़ ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
Image Slider
Image Slider
Image Slider

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में चार साल के मासूम बच्चे की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। घटना से नाराज लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात उस समय बेकाबू हो गए, जब मौके पर पहुंची पुलिस टीम को आक्रोशित भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा। भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। इस दौरान एक पुलिस जवान की AK-47 के साथ भीड़ की ओर बढ़ते हुए तस्वीर सामने आई है।

बच्चे की मौत से भड़का लोगों का गुस्सा

मृतक बच्चे की पहचान चार वर्षीय अंशु कुमार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि सड़क किनारे जा रहे अंशु को एक मोटरसाइकिल सवार ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। बच्चे के पिता ने आरोप लगाया कि मोटरसाइकिल चलाने वाला व्यक्ति मुखिया का बेटा है और घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

परिजनों ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस काफी देर से पहुंची। बच्चे की मौत से नाराज पिता ने आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर उसके घर में आग लगाने तक की धमकी दे दी।

पुलिस और भीड़ के बीच सड़क पर संग्राम

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस जब स्थिति को संभालने पहुंची तो भीड़ ने जवानों पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। इस दौरान एक जवान AK-47 लेकर भीड़ की तरफ बढ़ता दिखाई दिया, लेकिन दूसरे पुलिसकर्मी ने उसे रोक दिया।

AK-47 को लेकर पुलिस का अलग बयान

बताया जा रहा है कि हथियार लेकर आगे बढ़ने वाला जवान एसएएफ का था। हालांकि, डीएसपी ने जवान द्वारा भीड़ पर AK-47 तानने की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि जवान हथियार लेकर दौड़ रहा था। फिलहाल घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा तेज हो गई है।