पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का भव्य आगाज, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन

बिहार में पहली बार आयोजित हो रहे खेलों के सबसे बड़े राष्ट्रीय आयोजन खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 का शुभारंभ आज भव्य रूप से हो गया। पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इन खेलों का विधिवत उद्घाटन किया, जबकि वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री ने भी अपना संदेश दिया। बिहार के लिए यह आयोजन न केवल गर्व का विषय है, बल्कि राज्य के खेल क्षेत्र को एक नई पहचान देने वाला क्षण भी है।

पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का भव्य आगाज, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन

PATNA : बिहार में पहली बार आयोजित हो रहे खेलों के सबसे बड़े राष्ट्रीय आयोजन खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 का शुभारंभ आज भव्य रूप से हो गया। पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इन खेलों का विधिवत उद्घाटन किया, जबकि वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री ने भी अपना संदेश दिया। बिहार के लिए यह आयोजन न केवल गर्व का विषय है, बल्कि राज्य के खेल क्षेत्र को एक नई पहचान देने वाला क्षण भी है। इस आयोजन में देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से 8500 से अधिक युवा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में कुल 28 खेलों में 2435 पदकों के लिए मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। पूरे राज्य में खेल भावना का माहौल है, और खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर है। 

इस आयोजन को लेकर राज्य में उत्सव जैसा माहौल हैए और यह 15 मई तक चलेगा। आज शाम पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय राज्यमंत्री रक्षा निखिल खड्से और राज्य के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता की उपस्थिति रही। बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने अपनी आवाज में बिहार की गौरव गाथा सुनाई। साथ ही, लोकगायिका मैथिली ठाकुर और एआर रहमान कॉलेज के छात्रों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। इसके साथ ही वाराणसी से आए बटुकों ने गंगा आरती भी की। 

यह पहला मौका है जब बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के चार अन्य शहरों में राष्ट्रीय स्तर पर खेलों का आयोजन किया जा रहा है। पटना के अलावा राजगीर में नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, गया, भागलपुर और बेगूसराय में कुल 28 खेलों का आयोजन किया जा रहा है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए स्टेडियम की दीर्घा में दर्शकों के लिए प्रवेश की निःशुल्क व्यवस्था की गई है।

वहीं, भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड मैदान में तीरंदाजी स्पर्धा का आयोजन किया गया। इस मैदान को भव्य रूप से सजाया गया है, और देश भर से पहुंचे तीरंदाजी के खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आंध्र प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन और दीव से आए प्रतिभागी खिलाड़ियों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया। खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का अद्भुत संगम इस आयोजन को खास बना रहा है। 

भागलपुर में शुरू हुई तीरंदाजी प्रतियोगिता ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 को एक शानदार शुरुआत दी है। आयोजकों की बेहतरीन व्यवस्था और खिलाड़ियों की ऊर्जा ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया है। आने वाले दिनों में बिहार के विभिन्न शहरों में अन्य खेलों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों को मंच दे रहा है, बल्कि राज्य के खेल संस्कृति को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला रहा है।