Bihar Bridge: गंडक पर बनेगा सेतु, बिहार–यूपी सीमा पर विकास की नई कहानी
गंडक नदी पर 761 करोड़ की लागत से बनने वाला पुल बिहार के नौरंगिया और यूपी के खड्डा को सीधे जोड़कर आवागमन की दशकों पुरानी समस्या खत्म करेगा, जिससे सीमावर्ती गांवों को आसान रास्ता मिलेगा और व्यापार, प्रशासन व पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी।
Bihar Bridge:बिहार और उत्तर प्रदेश की सरहद पर अब विकास की एक नई इबारत लिखी जाने वाली है। गंडक नदी पर जल्द ही एक भव्य पुल का निर्माण किया जाएगा, जो बिहार के बगहा पुलिस जिले के नौरंगिया और उत्तर प्रदेश के खड्डा क्षेत्र को सीधे जोड़ेगा। करीब 761 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल की खास बात यह है कि इसका निर्माण उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कराया जाएगा। पुल को मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही निर्माण प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

इस पुल के बनते ही दशकों पुरानी आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान निकल आएगा। अभी तक उत्तर प्रदेश के खड्डा क्षेत्र से सटे पांच गांव भौगोलिक रूप से बिहार के नौरंगिया के बेहद नजदीक हैं, लेकिन प्रशासनिक रूप से यूपी में होने के कारण लोगों को अपने ही मुख्यालय खड्डा पहुंचने के लिए बिहार के रास्ते लंबा और जटिल सफर तय करना पड़ता है। इससे आम लोगों को रोजमर्रा के काम, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सेवाओं के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
गंडक पर पुल बनने के बाद इन गांवों के लोगों को सीधा, सुरक्षित और आसान रास्ता मिलेगा। इससे न सिर्फ समय और दूरी की बचत होगी, बल्कि प्रशासनिक कामकाज भी अधिक प्रभावी हो सकेगा। अधिकारियों के लिए क्षेत्र की निगरानी आसान होगी और सरकारी योजनाओं का लाभ भी तेजी से आम जनता तक पहुंच सकेगा।
इस सेतु का लाभ केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा। बिहार के बगहा और आसपास के इलाकों के लोगों के लिए भी उत्तर प्रदेश के खड्डा समेत अन्य क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और सामाजिक संबंधों को मजबूती मिलेगी।
पर्यटन की दृष्टि से भी यह पुल बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। उत्तर प्रदेश का सोहगीबरवा वन्यजीव अभयारण्य और बिहार का वाल्मीकि टाइगर रिजर्व इस पुल के जरिए और करीब आ जाएंगे। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और सीमावर्ती क्षेत्रों का सामाजिक-आर्थिक विकास नई गति पकड़ेगा। कुल मिलाकर, गंडक पर बनने वाला यह पुल दोनों राज्यों के लिए विकास, सहयोग और दूरदर्शी नीति का मजबूत प्रतीक बनकर उभरेगा।
pragatisharma3959