10 चक्का कंटेनर से 55 लाख की शराब बरामद, 2 गिरफ्तार...

भोजपुर के बिहियां में मद्यनिषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई! बक्सर-पटना फोरलेन पर 10 चक्का कंटेनर से 55 लाख की 13,776 बोतल अवैध शराब बरामद, पंजाब के 2 तस्कर गिरफ्तार। पढ़ें पूरी खबर।

10 चक्का कंटेनर से 55 लाख की शराब बरामद, 2 गिरफ्तार...
4,448 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, मद्यनिषेध टीम की बड़ी सफलता
Image Slider
Image Slider
Image Slider

बिहियां / भोजपुर: बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भोजपुर मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पदाधिकारी भोजपुर श्री तनय सुल्तानिया के आदेशानुसार चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के तहत पुलिस ने एक 10 चक्का विशाल कंटेनर से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की है। जब्त की गई शराब की कुल कीमत बाजार में लगभग 55 लाख रुपये आंकी गई है।

सहायक आयुक्त मद्यनिषेध श्री रजनीश को गुप्त सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ की ओर से एक 10 चक्का कंटेनर में भारी मात्रा में विदेशी शराब लादकर बिहार की सीमा में सप्लाई के लिए लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

दिनांक 24 जुलाई 2026 को बक्सर-पटना फोरलेन पर बिहियां थाना क्षेत्र के बिहियां चौरास्ता मोड़ के पास सघन वाहन जांच शुरू की गई। इस दौरान एक संदिग्ध 10 चक्का कंटेनर (निबंधन संख्या: UP21FT-4820) को रोककर तलाशी ली गई, तो उसके अंदर भारी मात्रा में शराब की पेटियां बरामद हुईं।

चंडीगढ़ से लाई जा रही थी शराब, पंजाब के दो अभियुक्त गिरफ्तार

मौके से शराब की तस्करी कर रहे वाहन चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपी पंजाब के गुरदासपुर जिले के रहने वाले हैं:

नव ज्योति सिंह (चालक) - पिता: स्व० प्रेम सिंह, निवासी: मकान नं० 297/5, अरबन स्टेट लेबर कॉलोनी, थाना-बटाला, जिला-गुरदासपुर (पंजाब)।

हरप्रीत सिंह - पिता: बक्सिस सिंह, निवासी: तलवंडी, थाना-बटाला, जिला-गुरदासपुर (पंजाब)।

दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रतर कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के सुपुर्द कर दिया गया है।

बरामद शराब का विस्तृत विवरण :

कंटेनर से कुल 4,448.880 लीटर (13,776 पीस) अवैध विदेशी शराब जप्त की गई, जिसका विवरण इस प्रकार है:

Royal Stage Whisky (750 ml): 1,680 पीस

Imperial Blue Whisky (750 ml): 1,200 पीस

Imperial Blue Whisky (375 ml): 1,680 पीस

Imperial Blue Whisky (180 ml): 9,216 पीस

छापेमारी दल में निरीक्षक अनिल कुमार के साथ सहायक अवर निरीक्षक श्री मदन लाल यादव, सहायक अवर निरीक्षक श्री राणा विकाश कुमार के साथ मद्यनिषेध सिपाही, सैप और होमगार्ड के जवान शामिल थे। मद्यनिषेध विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।