कौशांबी में भीषण सड़क हादसा: पंचर टायर बदलते समय ट्रक ने मारी टक्कर, 4 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। नेशनल हाईवे पर खड़े एक पिकअप वाहन का पंचर टायर बदलते समय पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने चार लोगों को कुचल दिया।
कौशाम्बी हादसा : उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। नेशनल हाईवे पर खड़े एक पिकअप वाहन का पंचर टायर बदलते समय पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने चार लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हाईवे किनारे बदल रहे थे पंचर टायर
जानकारी के अनुसार, संदीपन घाट थाना क्षेत्र के रहने वाले अनवर और एहसान लोहे की चारपाइयां लेकर पिकअप से उन्नाव जा रहे थे। रास्ते में सैनी कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर के पास नेशनल हाईवे पर उनके वाहन का टायर पंचर हो गया। इसके बाद वे पंचर बनाने वाले साबिर और अकबर की दुकान पर पहुंचे और हाईवे किनारे टायर बदलने का काम शुरू किया।
तेज रफ्तार ट्रक ने चारों को कुचला
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पिकअप के पास मौजूद चारों लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा। इनमें से तीन लोगों की रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि चौथे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
dhananjaykumarroy