समस्तीपुर कॉलेज के बंद हॉस्टल में मर्डर मिस्ट्री! खंडहर से मिला युवक का सड़ा-गला शव, केमिकल से पहचान मिटाने की खौफनाक साजिश

समस्तीपुर कॉलेज के पुराने हॉस्टल के खंडहर से 20-22 वर्षीय युवक का सड़ा-गला शव बरामद। केमिकल डालकर चेहरा और शरीर जलाने की कोशिश। इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस।

समस्तीपुर कॉलेज के बंद हॉस्टल में मर्डर मिस्ट्री! खंडहर से मिला युवक का सड़ा-गला शव, केमिकल से पहचान मिटाने की खौफनाक साजिश
शव की पहचान छिपाने के लिए केमिकल डालकर जलाने का प्रयास किया गया था
Image Slider
Image Slider
Image Slider

समस्तीपुर: समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर स्थित 'समस्तीपुर कॉलेज' परिसर से एक बेहद चौंकाने वाली और खौफनाक खबर सामने आई है। यहाँ कॉलेज के एक पुराने और बंद पड़े पीजी हॉस्टल के खंडहरनुमा कमरे से बुधवार को एक अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए शरीर पर केमिकल डालकर उसे जलाने का प्रयास किया गया था।

इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब एक स्थानीय ग्रामीण राजू राय दोपहर के समय अपने खेत की तरफ गए थे। दरअसल, हॉस्टल के पीछे उनका घर और खेत है। तेज हवा या किसी कारण से उनके खेत में लगे ताड़ के पेड़ का एक बड़ा हिस्सा (छज्जा) पुराने हॉस्टल की छत पर गिर गया था।

राजू राय जब उस छज्जे को हटाने के लिए पुराने हॉस्टल की छत पर चढ़े, तो उन्हें हवा में भारी दुर्गंध का एहसास हुआ। जब उन्होंने नीचे उतरकर उस खंडहरनुमा कमरे में झांका, तो उनके होश उड़ गए। सामने एक सड़ी-गली लाश पड़ी थी। डरे-सहमे राजू राय ने तुरंत इसकी सूचना कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. शशि रंजन कुमार शशि को दी, जिसके बाद एएसपी संजय पांडेय और मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष के बीच लग रही है, जिसने पैंट और टी-शर्ट पहन रखी है। शव की स्थिति इतनी भयावह है कि चेहरा पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका है। आशंका है कि यह मौत करीब 15-20 दिन पहले हुई होगी। कमरे के भीतर और शव के आसपास केमिकल फैला हुआ पाया गया है, जिससे साफ पता चलता है कि सबूत मिटाने की पूरी कोशिश की गई थी।

"15 मई के बाद से गर्मी की छुट्टियों के कारण कॉलेज बंद था। हॉस्टल कैंपस के इस हिस्से में केवल तभी लोग आते हैं जब कोई बड़ा कार्यक्रम हो, अन्यथा यहाँ आना-जाना नहीं रहता। यह लाश यहाँ कैसे आई, यह पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा। कॉलेज के सीसीटीवी में केवल 15 दिनों का बैकअप रहता है।"

- डॉ. शशि रंजन कुमार शशि, प्रिंसिपल (समस्तीपुर कॉलेज)

फॉरेंसिक टीम करेगी जांच, सभी एंगल खंगाल रही पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत की असल वजह और युवक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि क्या युवक की हत्या कहीं और करके शव को इस सुनसान खंडहर में ठिकाने लगाया गया था, या वारदात को यहीं अंजाम दिया गया। साक्ष्यों को सही तरीके से जुटाने के लिए मुफस्सिल पुलिस ने फॉरेंसिक विभाग की स्पेशल टीम को भी मौके पर बुलाया है। फिलहाल इस घटना के बाद से पूरे इलाके और कॉलेज के छात्रों में दहशत का माहौल है।