कौन हैं समरीन कौर? जिनके प्यार में क्लीन बोल्ड हुए भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने आखिरकार अपनी लव लाइफ को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है।

कौन हैं समरीन कौर? जिनके प्यार में क्लीन बोल्ड हुए भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह
Image Slider
Image Slider
Image Slider

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने आखिरकार अपनी लव लाइफ को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। अर्शदीप ने मॉडल और अभिनेत्री समरीन कौर के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए अपने रिश्ते को आधिकारिक बना दिया। इंस्टाग्राम पर शेयर की गई तस्वीरों के साथ उन्होंने “My Person” कैप्शन लिखा, जिसके बाद फैंस और क्रिकेट जगत से दोनों को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।

कौन हैं समरीन कौर?

समरीन कौर का जन्म 7 सितंबर 1999 को जम्मू-कश्मीर में हुआ था। उन्होंने पुणे के सिम्बायोसिस कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स से बी.कॉम (ऑनर्स) की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के बाद उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और साल 2018 में फेमिना मिस इंडिया की फाइनलिस्ट बनकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल की। इस प्रतियोगिता में उन्होंने जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व किया था।

फिल्मों और वेब सीरीज में बनाई पहचान

मॉडलिंग के बाद समरीन ने अभिनय की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई। वह रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘83’ में नजर आईं, जिसमें उन्होंने क्रिकेटर बलविंदर सिंह संधू की मंगेतर सिमरन का किरदार निभाया। इसके अलावा वह ZEE5 की लीगल थ्रिलर वेब सीरीज ‘नेल पॉलिश’ में अर्जुन रामपाल के साथ भी काम कर चुकी हैं। समरीन पंजाबी फिल्म ‘सरदार जी 2’ का भी हिस्सा रही हैं।

कई सुपरहिट म्यूजिक वीडियोज में आईं नजर

समरीन कौर ने कई चर्चित पंजाबी और हिंदी म्यूजिक वीडियोज में भी काम किया है। वह जुबिन नौटियाल, बादशाह और गुरु रंधावा जैसे लोकप्रिय कलाकारों के साथ नजर आ चुकी हैं। उनके गाने ‘बावला’ और ‘तुझे भूलना तो चाहा’ को दर्शकों ने काफी पसंद किया। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है, जहां वह फैशन, ट्रैवल और लाइफस्टाइल से जुड़े पोस्ट शेयर करती रहती हैं।

ऐसे शुरू हुई थी डेटिंग की चर्चा

अर्शदीप सिंह और समरीन कौर के रिश्ते की चर्चा आईपीएल 2026 के दौरान तेज हुई थी। एक स्नैपचैट पोस्ट में अर्शदीप एक मिस्ट्री गर्ल का हाथ थामे नजर आए थे। इसके बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर मौजूद टैटू, घड़ी और अन्य डिटेल्स के आधार पर दावा किया कि वह लड़की समरीन कौर हैं।

बाद में समरीन को पंजाब किंग्स के कई मुकाबलों के दौरान स्टेडियम में अर्शदीप को चीयर करते हुए भी देखा गया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम और चंडीगढ़ में उनकी मौजूदगी ने दोनों के रिश्ते की खबरों को और हवा दी। अब अर्शदीप के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद इन चर्चाओं पर आधिकारिक मुहर लग गई है।

आशीष चंचलानी के साथ भी जुड़ा था नाम

अर्शदीप सिंह से पहले समरीन कौर का नाम मशहूर यूट्यूबर आशीष चंचलानी के साथ भी जोड़ा गया था। दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया था, जिससे डेटिंग की अफवाहें उड़ी थीं। हालांकि, दोनों ने हमेशा इन खबरों को खारिज करते हुए खुद को सिर्फ अच्छा दोस्त बताया था। बाद में समरीन ने भी साफ किया था कि अब दोनों दोस्त नहीं हैं, लेकिन एक-दूसरे के प्रति सम्मान आज भी बरकरार है।

अब अर्शदीप सिंह और समरीन कौर ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया है, जिसके बाद दोनों की जोड़ी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।