जिलाधिकारी ने लोककल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का किया स्थल निरीक्षण, अधिकारियों को दिया बड़ा निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने आज जिले में चल रहे विभिन्न विकासात्मक एवं लोककल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का स्थल निरीक्षण कर अद्यतन स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया।
PATNA : जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने आज जिले में चल रहे विभिन्न विकासात्मक एवं लोककल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का स्थल निरीक्षण कर अद्यतन स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले लोकनायक जयप्रकाश नारायण समाधि स्थल के निर्माण के लिए दुजरा दियारा मौजा का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेपी गंगा पथ एवं देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद बिहार गौरव उद्यान वेस्ट टू वंडर थीम पार्क के बीच समाधि स्थल के निर्माण के लिए 1.75 एकड़ जमीन चिन्हित किया और पटना सदर के अंचलाधिकारी को अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण समाधि स्थल का निर्माण नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत क्रियान्वयन एजेंसी बुडको द्वारा किया जा रहा है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के समाधि स्थल एवं जेपी गंगा पथ के बीच वेस्ट-टू-वंडर थीम पार्क निर्माण के लिए स्थल निरीक्षण किया तथा 10 एकड़ भूमि चिन्हित किया। उन्होंने कहा कि वेस्ट टू वंडर थीम पार्क का निर्माण नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत बुडको द्वारा किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद बिहार गौरव उद्यान का शिलान्यास मुख्यमंत्री ने 06 अगस्त 2025 को किया था। इस पार्क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा होगा। थीम पार्क के एक तरफ देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद का समाधि स्थल है, वहीं दूसरी ओर विश्वप्रसिद्ध जेपी गंगा पथ है। इस पार्क में बिहार के गौरवपूर्ण इतिहास एवं संस्कृति के विभिन्न अवयवों को प्रदर्शित किया जाएगा। बिहार की महान विभूतियों आर्यभट्ट, चाणक्य, सम्राट अशोक से लेकर लोकनायक जयप्रकाश नारायण एवं दशरथ मांझी तक की प्रेरणादायक गाथाओं को उद्धृत किया जाएगा।
इसके साथ ही पार्क में बिहार के स्थापत्य कला जैसे नालन्दा, विक्रमशिला, स्तूपों, मंदिरों एवं मकबरों को भी दर्शाया जाएगा। पर्यटकों के खाने-पीने की व्यवस्था एवं खेल का मैदान भी रहेगा। यह पूरा पार्क वेस्ट टू वंडर की अवधारणा पर आधारित होगा, जहां लोहे के कबाड़ को जीवंत कला में बदला जाएगा। इस प्रक्रिया में आर्किटेक्ट, इंजीनियर, कलाकार एवं कुशल श्रमिकों की अहम भागीदारी होगी। इसके अलावा देश के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की स्मृति में उनके वर्तमान स्मारक स्थल पर एक भव्य स्मृति परिसर का निर्माण किया जाएगा। बांस घाट स्थित देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के समाधि स्थल के नजदीक ही लोकनायक जयप्रकाश नारायण का समाधि स्थल है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण के समाधि स्थल को विकसित करने की कार्रवाई की जा रही है।
वेस्ट टू वंडर थीम पार्क के बाद जिलाधिकारी ने दीघा से सभ्यता द्वार तक समग्र उद्यान के विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा ड्रेनेज चैनल एवं अन्य संबंधित समस्याओं का समाधान किया। उन्होंने कहा कि बीएसआरडीसी द्वारा इस योजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि यह क्षेत्र जनहित के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। जेपी गंगा पथ लोकहित की अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे लोगों को काफी सुविधा प्राप्त हो रही है। राज्य सरकार द्वारा यहां अनेक विकासात्मक एवं लोककल्याणकारी कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा पटना जिला में 21 फरवरी को प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के आलोक में विभिन्न योजनाओं का कार्य चल रहा है। 25 अगस्त को मुख्यमंत्री द्वारा 387.40 करोड़ रुपये की लागत से गंगा नदी के किनारे दीघा से गांधी मैदान के बीच जेपी गंगा पथ के दोनों तरफ लगभग 7 किमी की लंबाई में जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया था।
साथ ही मुख्यमंत्री ने 12.38 करोड़ रुपये की लागत की सभ्यता द्वार से कलेक्टोरेट घाट तक विचरण पथ के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना फेज-1 के पूर्ण होने पर खुला हरित क्षेत्र का विकास होगा। साथ ही लोगों को अन्य मूलभूत सुविधाएं मिल सकेंगी जिससे वे यहां के मनोरम दृश्य का लाभ उठा सकेंगे। सभ्यता द्वार से कलेक्टोरेट घाट गंगा रिसर्च सेंटर तक 450 मीटर लंबाई एवं 4.50 मीटर चौड़ाई के विचरण पथ के निर्माण से आम नागरिकों को मॉर्निंग वॉक एवं अन्य क्रियाकलापों में सुविधा होगी।
साथ ही गंगा घाट पर आने वाले पर्यटकों को गंगा रिसर्च सेंटर एवं म्यूजियम भ्रमण करने में आसानी होगी तथा छठ महापर्व के दौरान छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को गंगा घाट तक पहुंचने का रास्ता सुलभ होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि आज उन्होंने स्थल भ्रमण के दरम्यान इन सभी योजनाओं का निरीक्षण किया तथा पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं पर क्रियान्वयन एजेंसियों द्वारा आवश्यक कार्य तेजी से किया जा रहा है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने गांधी मैदान के नजदीक पटना हाट निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पुलिस उपाधीक्षक यातायात के कार्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 25 अगस्त 2025 को पटना हाट के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था। पदाधिकारियों को तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार पटना के विकास के लिए तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। सैकड़ों की संख्या में यहां विकासात्मक योजनाएं चल रही है। जनसुविधा के लिए काफी बड़ी संख्या में सड़कों, पुलों, फ्लाईओवर इत्यादि का निर्माण किया गया है। इससे लोगों का जीवन काफी आसान हो गया है। ट्रैफिक की समस्या के समाधान के लिए दीर्घकालीन एवं अल्पकालीन योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 21 फरवरी को प्रगति यात्रा के दौरान पटना जिला में 10871 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं से संबंधित 32 घोषणाएं की गई थी, जिसपर राज्य सरकार द्वारा शीघ्र स्वीकृति प्रदान की गई थी। इन योजनाओं का क्रियान्वयन संबंधित एजेंसियों द्वारा तेजी से किया जा रहा है। उपविकास आयुक्त द्वारा इसका नियमित पर्यवेक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों को समयबद्ध ढंग से काम करने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि वे इसकी नियमित समीक्षा कर रहे हैं तथा क्षेत्र भ्रमण के समय निरीक्षण भी करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के आलोक में जिला में योजनाओं के क्रियान्वयन की सुदृढ़ अनुश्रवण प्रणाली विकसित की गई है। स्वयं जिलाधिकारी के स्तर से इसका नियमित अनुश्रवण किया जाता है।
rsinghdp75