वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हिंसक हमला, ग्रामीणों ने फूंक डाली JCB; कई घायल
पश्चिम चम्पारण के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) में अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों का हिंसक हमला। जेसीबी फूंकी, कई घायल। भारी पुलिस बल तैनात।
बिहार के पश्चिम चम्पारण जिले के वाल्मीकिनगर से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर स्थानीय ग्रामीणों ने अचानक हिंसक हमला कर दिया। इस दौरान मौके पर जमकर बवाल और पथराव हुआ। आक्रोशित ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाओ अभियान में लगी एक जेसीबी (JCB) मशीन को आग के हवाले कर दिया। इस हिंसक झड़प में 5 से 6 लोगों के घायल होने की सूचना है।
अतिक्रमण हटाने के दौरान भड़का ग्रामीणों का गुस्सा
मिली जानकारी के अनुसार, वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के ठाड़ी स्थित धनैया इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वन विभाग की टीम भारी सुरक्षा के बीच वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की प्रतिबंधित जमीन से अवैध कब्जा हटाने पहुंची थी। वन प्रशासन जैसे ही कोर एरिया में अपनी कार्रवाई शुरू की, वैसे ही स्थानीय लोगों ने इसका पुरजोर विरोध करना शुरू कर दिया।
लाठी-डंडों से हमला और मची तबाही
देखते ही देखते ग्रामीणों का विरोध बेहद उग्र हो गया। गुस्साए लोगों ने वन कर्मियों और अधिकारियों पर लाठी-डंडों से धावा बोल दिया। जान बचाने के लिए कर्मियों को इधर-उधर भागना पड़ा। इसी बीच उपद्रवियों ने मौके पर मौजूद जेसीबी मशीन में आग लगा दी, जिससे मशीन धूं-धूं कर जल गई। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार और दहशत का माहौल कायम हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बगहा-2 के राजस्व पदाधिकारी रवि प्रकाश चौधरी और एसडीपीओ निहार भूषण तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मौके पर अतिरिक्त वन कर्मियों की भी तैनाती की गई है।
वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की बेशकीमती और प्रतिबंधित वन भूमि को सुरक्षित करने के लिए यह अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने लोगों को भड़काकर हिंसक रूप धारण कर लिया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। प्रशासन ने साफ किया है कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन पूरी तरह नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है।