नवादा में बालू माफियाओं का खनन विभाग की टीम पर हमला, इंस्पेक्टर समेत 4 जख्मी
गोविंदपुर प्रखंड के महेशपुर गांव के पास बालू माफियाओं ने खनन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में खनन विभाग के इंस्पेक्टर अमन कुमार सहित चार लोग जख्मी हो गए। घायलों में दो खनन विभाग के कर्मी और दो होमगार्ड जवान बताए जा रहे हैं।
NAWADA: गोविंदपुर प्रखंड के महेशपुर गांव के पास बालू माफियाओं ने खनन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में खनन विभाग के इंस्पेक्टर अमन कुमार सहित चार लोग जख्मी हो गए। घायलों में दो खनन विभाग के कर्मी और दो होमगार्ड जवान बताए जा रहे हैं। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मारपीट का दृश्य सामने आने की बात कही जा रही है।
खनन विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि महेशपुर इलाके से अवैध तरीके से बालू का उठाव कर ट्रैक्टर के जरिए ढुलाई की जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने बालू लदे ट्रैक्टरों का पीछा किया। इसी दौरान महेशपुर के पास एक ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि तभी अचानक कई लोगों ने चारों तरफ से टीम को घेर लिया और हमला कर दिया।
इस दौरान अधिकारियों और जवानों के साथ मारपीट की गई, जिसमें चार लोग जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान खनन विभाग की टीम ने एक ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि दूसरा ट्रैक्टर लेकर हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल कर्मियों ने अपना इलाज कराया। वहीं, हमला करने वाले लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
नवादा से सुनील कुमार की रिपोर्ट
pranavpr