बिहार में 15 अधिकारियों पर गिरी गाज, CM सम्राट चौधरी का सख्त एक्शन; लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई

बिहार में सरकारी कामकाज में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सरकार ने कड़ा रुख अपना लिया है। आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेना और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका समाधान नहीं करना 15 अधिकारियों को भारी पड़ गया।

बिहार में 15 अधिकारियों पर गिरी गाज, CM सम्राट चौधरी का सख्त एक्शन; लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई
Image Slider
Image Slider
Image Slider

Bihar News: बिहार में सरकारी कामकाज में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सरकार ने कड़ा रुख अपना लिया है। आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेना और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका समाधान नहीं करना 15 अधिकारियों को भारी पड़ गया। सहयोग शिविर और सहयोग पोर्टल से जुड़े मामलों में लापरवाही सामने आने के बाद सरकार ने इन सभी अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार सरकारी व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बनाने की दिशा में कदम उठा रही है। इसी कड़ी में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सहयोग शिविर और सहयोग पोर्टल की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों का बार-बार चक्कर लगाने से बचाना है।

इस व्यवस्था के तहत नागरिक अपनी शिकायतें और आवेदन प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं। वहीं, सहयोग पोर्टल के माध्यम से शिकायतों की निगरानी की जाती है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई करें और आवेदकों को समाधान उपलब्ध कराएं।

हालांकि, समीक्षा के दौरान कई मामलों में शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक देरी और अधिकारियों की लापरवाही सामने आई। इसे प्रशासनिक जिम्मेदारी के प्रति गंभीर चूक मानते हुए सरकार ने 15 अधिकारियों को निलंबित करने का फैसला लिया।

सरकार की इस कार्रवाई को प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। इससे अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करना और सरकारी कामकाज में देरी करना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी शिकायतों के निपटारे की समीक्षा और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई जारी रहने की उम्मीद है।