बहन की शादी के लिए नहीं मिली छुट्टी तो नौसेना के जवान ने कर ली आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम

बिहार के छपरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां भारतीय नौसेना में तैनात एक जवान ने अपनी बहन की शादी में छुट्टी ना मिलने पर सुसाइड कर लिया।

बहन की शादी के लिए नहीं मिली छुट्टी तो नौसेना के जवान ने कर ली आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम
Image Slider
Image Slider
Image Slider

CHHAPRA: बिहार के छपरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां भारतीय नौसेना में तैनात एक जवान ने अपनी बहन की शादी में छुट्टी ना मिलने पर सुसाइड कर लिया। जिसके बाद खुशी का माहौल गम में तबदील हो गया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक जवान रविकांत सिंह (23) डोरीगंज के अवतार नगर थाना इलाके के मदनपुर नेवतनी का रहने वाला था। वह गोवा में अपनी ड्यूटी दे रहा था।

आपको बता दें कि 16 नवंबर को उसकी चचेरी बहन की शादी होनी थी। वह शादी में जाने के लिए छुट्टी मांग रहा था। जब उसे छुट्टी नहीं मिली तो आत्महत्या कर जान दे दी। शुक्रवार को उसका शव जब घर पहुंचा तो सभी की आंखें नम हो गईं।

रविकांत के परिजन ने नौसेना अधिकारियों द्वारा उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मृतक के चाचा पथलू सिंह ने बताया कि उनका भतीजा रविकांत इंडियन नेवी में आर्टिफिशियल अप्रेंटिस विभाग में कार्यरत था। 15 दिनों पहले उसका जहाज कोच्चि से गोवा आया हुआ था। 12 नवंबर को शाम 4 से 8 बजे तक उसने शिफ्ट की। ड्यूटी के बाद रात 10 बजे तक उसने परिजन से मोबाइल फोन पर बात की। फिर अचानक रात के सवा 11 बजे उसके पदाधिकारी का फोन आया कि रविकांत सिंह ने आत्महत्या कर ली है।

इसके बाद 13 नवंबर को रविकांत के पिता और मौसा फ्लाइट से गोवा गए। उसका बड़ा भाई रौशन सिंह भी लद्दाख से गोवा पहुंचा, जहां नौसेना के वरीय पदाधिकारियों ने रविकांत द्वारा सुसाइड की बात कह शव परिजन को सौंप दिया। मृतक के चचेरे भाई ने कहा कि रविकांत अपनी चचेरी बहन की शादी के लिए छुट्टी मांग रहा था, लेकिन उसके वरीय पदाधिकारी उसको प्रताड़ित कर रहे थे। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था।

तिरंगे के साथ पार्थिव शरीर लेकर घर आए युवा

रविकांत की मौत की खबर सुन गांव और आसपास के सभी इलाकों में सैकड़ों की संख्या में युवा बोधा छपरा टोल टैक्स के पास बाइक पर सवार हो तिरंगा हाथ में लिए रविकांत सिंह अमर रहे की नारेबाजी करते हुए शव के साथ घर तक आए।