छेड़खानी के आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर हमला, दो दारोगा समेत छह पुलिसकर्मी घायल

जहानाबाद में पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला जहानाबाद के परसबीघा थाना क्षेत्र के तुरकौल गांव का है, जहां छापेमारी करने गयी पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। इस हमले में दो दारोगा समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों में एक महिला दारोगा को गंभीर चोटें आई है। सभी घायल पुलिसकर्मियों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

छेड़खानी के आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर हमला, दो दारोगा समेत छह पुलिसकर्मी घायल
Image Slider
Image Slider
Image Slider

JEHANABAD : जहानाबाद में पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला जहानाबाद के परसबीघा थाना क्षेत्र के तुरकौल गांव का है, जहां छापेमारी करने गयी पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। इस हमले में दो दारोगा समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों में एक महिला दारोगा को गंभीर चोटें आई है।  सभी घायल पुलिसकर्मियों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 बताया जा रहा है कि पुलिस महिला जेई से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी को पकड़ने गई थी, तभी आरोपी के परिवार वालों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस घटना से गांव में कई घंटे तक हंगामा मचा रहा। घटना के संबंध में पुलिस अधिकारी ने बताया कि लघु सिंचाई विभाग की जेई पल्लवी कुमारी बीती 24 मई को नहर परियोजना की जांच करने गई थीं, जहां महिला को अकेले देख उक्त गांव के अनिल सिंह के बेटे गौरी शंकर सिंह ने छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया। साथ ही, महिला जेई का मोबाइल भी छीन लिया था।

इसके बाद उक्त महिला जेई ने छेड़खानी एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत दर्ज होने ने बाद पुलिस टीम उक्त गांव में छापेमारी करने पहुंची थी, जहां आरोपी के समर्थन में झारखंड का एक पुलिस जवान आ पहुंचा और पुलिस टीम के साथ भिड़ गया। इस दौरान हाथापाई कर छापेमारी अभियान को रोकने की कोशिश की गई। आरोपी के परिजनों ने पुलिसकर्मियों के साथ नोकझोंक करते हुए पुलिस टीम पर हमला बोला दिया। इस घटना में दो दारोगा समेत छह पुलिसकर्मी चोटिल हो गए।

इस घटना में एक महिला दारोगा ब्यूटी कुमारी को गंभीर चोटें आई है। घायलों में सब इंस्पेक्टर ब्यूटी कुमारी, बबलू सिंह, सिपाही नरेंद्र कुमार, मुकेश कुमार सिंह, रविशंकर कुमार एवं राहुल कुमार शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हंगामा के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।

इसी दौरान पुलिस टीम को चकमा देकर मुख्य आरोपी भाग निकला। इस घटना के बाद मौके पर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह दलबल के साथ पहुंच गए और झारखंड के पुलिस जवान नरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी जारी है। एसडीपीओ ने कहा कि जो भी हमलावर हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।