'ऑपरेशन सिंदूर' के बीच मुख्यमंत्री ने किया सीमांचल का दौरा, एसएसबी अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए कई निर्देश

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पूर्णिया में बड़ी बैठक की। बैठक में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद थे। 'ऑपरेशन सिंदूर' के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीमांचल का दौरा किया और सैन्य अधिकारियों और एसएसबी जवानों के साथ बड़ी बैठक की। इसमें सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

'ऑपरेशन सिंदूर' के बीच मुख्यमंत्री ने किया सीमांचल का दौरा, एसएसबी अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए कई निर्देश

PATNA : भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पूर्णिया में बड़ी बैठक की। बैठक में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद थे। 'ऑपरेशन सिंदूर' के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीमांचल का दौरा किया और सैन्य अधिकारियों और एसएसबी जवानों के साथ बड़ी बैठक की। इसमें सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समीक्षा के दौरान अधिकारियों को कई निर्देश दिए और बांग्लादेश बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था और दुरुस्त करने का निर्देश दिया। भारत-नेपाल बॉर्डर पर भी एसएससी को हाई अलर्ट पर रखा गया है और आने-जाने वालों पर कड़ी निगरानी का निर्देश दिया गया है। सीमावर्ती जिलों किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, सुपौल, मधुबनी, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं।

 भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के बीच स्थानीय पुलिस और एसएसबी के जवानों को विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं। रक्सौल में मैत्री पुल और बॉर्डर पर भी एसएसबी जवानों को अलर्ट कर दिया गया है। सरकार ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की छुट्टियां भी रद कर दी है। 

इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग में मुख्य सचिव और डीजीपी के साथ बैठक की थी और सीमावर्ती जिलों में विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया था। दरअसल, सामरिक दृष्टिकोण से सीमांचल का इलाका बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील माना जाता है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने आज सीमांचल का दौरा किया और एसएसबी के अधिकारियों के साथ मीटिंग की है।

 उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद उत्पन्न हालात की जानकारी ली और अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार सीएम नीतीश कुमार ने बांग्लादेश और नेपाल सीमा पर विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया है।

सीमांचलन के जिलों में पेट्रोलिंग तेज करने का निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिया है। सीएम के निर्देश के बाद बिहार पुलिस और एसएसबी के जवान पूरी तरह से चौकस हो गए हैं और सीमावर्ती इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। गहन छानबीन के बाद ही किसी को भी आने-जाने की परमिशन दी जा रही है।