बिहार में अब 'नीतीश सेतु' के नाम से जाना जाएगा कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर पुल, सम्राट सरकार का बड़ा ऐलान
बिहार की राजनीति और विकास से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। कच्ची दरगाह से राघोपुर होते हुए बिदुपुर तक बने छह लेन के गंगा पुल का नाम अब ‘नीतीश सेतु’ होगा।
PATNA: बिहार की राजनीति और विकास से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। कच्ची दरगाह से राघोपुर होते हुए बिदुपुर तक बने छह लेन के गंगा पुल का नाम अब ‘नीतीश सेतु’ होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद इसकी घोषणा की है। राज्य सरकार के इस फैसले को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बिहार के विकास में योगदान से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान इस पुल को जनता को समर्पित करेंगे।
सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आ रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन करेंगे। राज्य सरकार ने इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा है।
सीएम ने यह भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री वैशाली जिले के राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे विभिन्न जनोपयोगी और विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन भी करेंगे।
JDU ने जताई खुशी, PM और CM का किया आभार
पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने के फैसले से जनता दल यूनाइटेड (JDU) में खुशी का माहौल है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और मंत्री विजय चौधरी ने इस फैसले का स्वागत किया है। दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया है।
उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन होगा आसान
कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल को बिहार के महत्वपूर्ण आधारभूत ढांचा परियोजनाओं में गिना जाता है। इस पुल से पटना और वैशाली समेत उत्तर तथा दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही यात्रा का समय कम होने और क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
अब 21 नवंबर को प्रधानमंत्री के हाथों उद्घाटन के बाद इस पुल के जरिए बिहार के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
pranavpr