गया जी में 'बिहार बंद' का असर! सड़कों पर उतरे छात्र, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

गया जी में AISA और RYA के 'बिहार बंद' का दिखा मिला-जुला असर! NEET पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। पढ़ें पूरी खबर।

गया जी में 'बिहार बंद' का असर! सड़कों पर उतरे छात्र, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
गया जी के प्रमुख चौराहों पर पुलिस तैनात
Image Slider
Image Slider
Image Slider

गया जी: कथित पेपर लीक, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र संगठनों द्वारा बुलाए गए 'बिहार बंद' का असर शनिवार को पवित्र नगरी गया जी और आसपास के इलाकों में देखने को मिला। छात्र संगठन आइसा (AISA) और आरवाईए (RYA) के राज्यव्यापी आह्वान पर आयोजित इस बंद को देखते हुए गया जिला प्रशासन और पुलिस सुबह से ही पूरी तरह से अलर्ट मोड में नजर आए।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गया जी शहर के प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों में शांतिपूर्ण जुलूस निकाला और सरकार व शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बंद के कारण गया जी के कुछ प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर आंशिक असर देखने को मिला, जबकि अस्पतालों, एम्बुलेंस और आवश्यक सेवाओं का संचालन पूरी तरह सामान्य रहा।  

पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने शहर में फ्लैग मार्च निकालकर स्थिति की निगरानी की। अधिकारियों ने आम जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल गया जी में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण बनी हुई है।