हाजीपुर में ‘सोलर मेला-2026’ का आयोजन, पीएम सूर्य घर योजना की दी गई जानकारी

हाजीपुर में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ‘सोलर मेला-2026’ का आयोजन किया गया। मेले में लोगों को रूफटॉप सोलर, सरकारी सब्सिडी और आसान बैंक ऋण की जानकारी दी गई।

हाजीपुर में ‘सोलर मेला-2026’ का आयोजन, पीएम सूर्य घर योजना की दी गई जानकारी
Image Slider
Image Slider
Image Slider

हाजीपुर, बिहार: प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना को जिले में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हाजीपुर के जिला अतिथि गृह (सर्किट हाउस) में ‘सोलर मेला-2026’ का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग न केवल लोगों के बिजली बिल को कम करेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की।

मेले में विद्युत विभाग के साथ-साथ विभिन्न प्रमुख बैंकों और अधिकृत सोलर वेंडरों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। बैंक प्रतिनिधियों ने रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने के लिए उपलब्ध आसान ऋण, सरकारी सब्सिडी और वित्तीय सहायता की जानकारी दी। वहीं, सोलर कंपनियों के प्रतिनिधियों ने संयंत्र की लागत, तकनीक, स्थापना प्रक्रिया और ऑनलाइन आवेदन की पूरी जानकारी लोगों को उपलब्ध कराई।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गृहस्वामी, व्यवसायी और आम नागरिक पहुंचे। लोगों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की और आवेदन प्रक्रिया को समझा।

मेले में पहुंचे कई लोगों ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे बिजली के खर्च में काफी बचत होगी और हर पात्र परिवार को इसका लाभ लेना चाहिए।

प्रशासन का मानना है कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से जिले में रूफटॉप सोलर संयंत्रों की संख्या बढ़ेगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।