भागलपुर में दिनदहाड़े मां-बेटी को बंधक बनाकर घर में की बड़ी लूट, जांच में जुटी पुलिस

भागलपुर के मधुसूदनपुर में अपराधियों ने दिनदहाड़े मां-बेटी को बंधक बनाकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच में जुटी है। पढ़ें पूरी खबर।

भागलपुर में दिनदहाड़े मां-बेटी को बंधक बनाकर घर में की बड़ी लूट, जांच में जुटी पुलिस
मौके पे पहुची पुलिस जांच में जुटी
Image Slider
Image Slider
Image Slider

भागलपुर: बिहार के भागलपुर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। ताजा मामला मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव से सामने आया है, जहां बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर मां और उसकी मासूम बेटी को बंधक बनाया और लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, नूरपुर निवासी रविशंकर कुमार की पत्नी नीतू देवी अपने घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान तीन से चार अज्ञात युवक वहां पहुंचे। बदमाशों ने किसी बहाने से नीतू देवी को अपनी बातों में उलझाया और घर के अंदर दाखिल हो गए। घर में घुसते ही अपराधियों ने अपना असली रंग दिखाया। उन्होंने सबसे पहले नीतू देवी की आंखों पर पट्टी बांध दी और हथियार का डर दिखाकर अलमारी की चाबी मांगने लगे।

लूटपाट के दौरान ही नीतू देवी की बेटी स्कूल से पढ़ाई कर घर वापस लौटी। अपनी मां को इस हालत में देख वह चीखने ही वाली थी कि बदमाशों ने उसे दबोच लिया। अपराधियों ने मासूम को भी एक कोने में बिठाकर जुबान खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बेखौफ लुटेरों ने अलमारी खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवर और भारी कैश समेट लिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी घर में रखा मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए, ताकि पीड़ित तुरंत किसी को फोन न कर सकें। हालांकि, कुछ दूरी पर जाकर उन्होंने मोबाइल को रास्ते में ही फेंक दिया और रफूचक्कर हो गए।

बदमाशों के भागने के बाद नीतू देवी ने किसी तरह खुद को संभाला और घर के बाहर आकर शोर मचाया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर इकट्ठा हुए और स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिटी एसपी प्रमोद कुमार यादव ने खुद घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

एसएसपी ने किया विशेष टीम का गठन

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर काफी आक्रोश और डर का माहौल है।