पटना के टॉप-10 अपराधियों में शामिल 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, दोहरे हत्याकांड में था फरार
राजधानी पटना में अपराधियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पटना पुलिस ने टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश वीरेंद्र कुमार उर्फ वीरेंद्र कुमार राय उर्फ मुकुल बाबा उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार कर लिया है।
PATNA: राजधानी पटना में अपराधियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पटना पुलिस ने टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश वीरेंद्र कुमार उर्फ वीरेंद्र कुमार राय उर्फ मुकुल बाबा उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधी जुलाई 2024 में दीघा थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में वांछित था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
जेपी सेतु चेक पोस्ट के पास से गिरफ्तारी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर की रात गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पटना पुलिस की टीम ने जिला सूचना इकाई (DIU) की मदद से जेपी सेतु चेक पोस्ट के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी को राजधानी में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कामयाबी माना जा रहा है।
हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज
गिरफ्तार वीरेंद्र कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। दीघा और नदी थाना क्षेत्रों में भी उसकी आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले सामने आए हैं। इसके अलावा जुलाई 2024 में दीघा थाना क्षेत्र में हुए दो लोगों की हत्या के मामले में भी वह पुलिस की वांछित सूची में शामिल था।
पुलिस टीम की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप
इस पूरी कार्रवाई में दीघा थानाध्यक्ष अवनीश कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और डीआईयू की टीम शामिल रही। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।
पटना पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गंभीर आपराधिक मामलों में फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी की जा रही है।
पटना से अजय शर्मा की रिपोर्ट
pranavpr