सासाराम में जमीन विवाद में पिता ने बेटे को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार

रोहतास जिले के सासाराम में पारिवारिक जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बड्डी थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव में पिता ने अपने ही बेटे पर फायरिंग कर दी। घटना में बेटा घायल हो गया, जबकि पुलिस ने आरोपी पिता को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया।

सासाराम में जमीन विवाद में पिता ने बेटे को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार
Image Slider
Image Slider
Image Slider

सासाराम: रोहतास जिले के बड्डी थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव में पारिवारिक जमीन विवाद के चलते एक पिता ने अपने ही बेटे को गोली मार दी। घटना में घायल युवक को पहले सासाराम सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी भूपेंद्र सिंह उर्फ भूपू सिंह ने परिवार की एक जमीन गिरवी रख दी थी। जब इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को हुई तो इसे लेकर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान पिता और पुत्र आनंद कुमार के बीच कहासुनी बढ़ गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान भूपेंद्र सिंह ने अपनी बंदूक निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में आनंद कुमार के पेट और पैर में छर्रे लग गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी खेत की ओर भागने लगा।

सूचना मिलने पर बड्डी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीछा कर आरोपी भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बंदूक भी बरामद कर ली है।

घायल आनंद कुमार को इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है, हालांकि उसके शरीर में कई छर्रे लगे हैं।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।