अश्लील गाने बजाने पर अब नपेंगे, प्रशासन ने दी कड़ी चेतावनी
बिहार की सांस्कृतिक पहचान माने जाने वाले भोजपुरी गानों पर अब सरकार की सख्त नजर है। लंबे समय से अश्लीलता को लेकर उठते सवालों के बीच राज्य में बड़ा फैसला लिया गया है। अब सरेआम अश्लील गाने बजाना महंगा पड़ सकता है। प्रशासन का दावा है कि इस कदम से बिहार की छवि सुधरेगी और समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। सवाल बस इतना है—क्या यह फैसला वाकई भोजपुरी संगीत की गरिमा लौटाएगा?

बिहार सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील और डबल मीनिंग वाले गानों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा फैसला लिया है। राज्य के डिप्टी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि अब किसी भी हाल में अश्लील गाने बजाने की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए सभी जिलों की पुलिस को विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया गया है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि बस, ट्रक, ऑटो रिक्शा, सार्वजनिक स्थलों, समारोहों या किसी भी खुले स्थान पर भोजपुरी, मगही, मैथिली या अन्य भाषाओं के अश्लील अथवा दोहरे अर्थ वाले गाने बजाए गए तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर एफआईआर दर्ज होगी और गंभीर मामलों में जेल भेजे जाने तक की कार्रवाई संभव है।
सम्राट चौधरी ने बताया कि यह फैसला समाज पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभाव को देखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक रूप से अश्लील गाने बजने से बच्चों के मन पर गलत असर पड़ता है और महिलाओं की गरिमा व सुरक्षा को भी ठेस पहुंचती है। डिप्टी सीएम के मुताबिक, महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए यह कदम अब अनिवार्य हो गया था।
दरअसल, बिहार में भोजपुरी संगीत बेहद लोकप्रिय है और इसे राज्य की सांस्कृतिक पहचान भी माना जाता है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में भोजपुरी इंडस्ट्री में डबल मीनिंग और अश्लीलता से भरपूर गानों की संख्या तेजी से बढ़ी है। “चोली-भौजी”, “चाची के बाची सपनवां में आती है”,जैसे गाने अक्सर वाहनों और सार्वजनिक स्थानों पर तेज आवाज में बजते देखे जाते हैं। इन गानों की रिकॉर्डिंग का बड़ा केंद्र पटना माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में ऐसे गीत तैयार किए जाते हैं। सोशल मीडिया और यूट्यूब प्लेटफॉर्म के जरिए भी ये गाने तेजी से वायरल होते हैं, जिससे इनका असर और व्यापक हो जाता है।
पुलिस मुख्यालय को निर्देश दिया गया है कि सभी जिलों में विशेष टीम गठित कर अभियान चलाया जाए। सार्वजनिक परिवहन, बाजार, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाएगी। जिन वाहनों या स्थानों पर अश्लील गाने बजते पाए जाएंगे, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
Divya Singh