सुपौल में लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल: बेखौफ अपराधियों ने युवक को मारी गोली..

सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में बदमाशों का तांडव। 22 वर्षीय रंजीत कुमार को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर। पुलिस सीसीटीवी खंगालने और जांच में जुटी।

सुपौल में लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल: बेखौफ अपराधियों ने युवक को मारी गोली..
दिनदहाड़े युवक के सीने में दागी गोली
Image Slider
Image Slider
Image Slider

सुपौल। बिहार के सुपौल जिले से एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक 22 वर्षीय युवक को निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गोली सीधे युवक के सीने में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है।

घायल युवक की पहचान सुपौल के गौरवगढ़ निवासी भूमि यादव के 22 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार यादव के रूप में हुई है।

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, रंजीत अपनी मौसी के घर झड़का आया हुआ था। मंगलवार सुबह जब वह अपने घर लौटने के लिए निकला, तभी बाबू साहब पेट्रोल पंप से पूरब पुल के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे रंजीत के सीने में लगी, जिसके बाद वह वहीं गिर पड़ा।

गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल रंजीत को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (किशनपुर) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में भी हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर भेजने की सलाह दी। इसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में रंजीत को सुपौल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां वह फिलहाल जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास की दुकानों और पेट्रोल पंप के पास लगे सीसीटीवी कैमरों  को खंगाल रही है ताकि हमलावरों का सुराग मिल सके।

पिपरा के प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार का बयान: "युवक को गोली लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के सभी पहलुओं पर गहनता से काम किया जा रहा है। अपराधियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।"

प्रारंभिक जांच में गोलीबारी के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों के आधिकारिक बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।