समस्तीपुर में अपराधियों का तांडव: दो युवकों को गोलियों से छलनी कर भागे बदमाश, पुलिस ने बनाई स्पेशल SIT

समस्तीपुर डबल मर्डर: जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर गांव में देर रात अपराधियों ने दो युवकों (प्रभात और सन्नी) की गोली मारकर हत्या कर दी। वर्चस्व की लड़ाई की आशंका के बीच पुलिस ने जांच के लिए SIT गठित की है। पूरी खबर पढ़ें।

समस्तीपुर में अपराधियों का तांडव: दो युवकों को गोलियों से छलनी कर भागे बदमाश, पुलिस ने बनाई स्पेशल SIT
डबल मर्डर के बाद पुलिस की जांच शुरु
Image Slider
Image Slider
Image Slider

बिहार के समस्तीपुर से एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने तांडव मचाते हुए दो युवकों की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

देर रात वारदात को दिया अंजाम : मिली जानकारी के अनुसार, घटना चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर गांव की है। मंगलवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मृतकों की पहचान प्रभात चौधरी और सन्नी कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई की आशंका: पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, यह पूरा मामला अपराधिक वर्चस्व की आपसी लड़ाई से जुड़ा हुआ है। पुलिस इस एंगल पर गंभीरता से जांच कर रही है। इसके साथ ही, मृतक प्रभात चौधरी के पुराने ट्रैक रिकॉर्ड और आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है ताकि हत्या के सही कारणों का पता चल सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद पुलिस उप-महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक सहित कई वरीय अधिकारियों ने खुद घटनास्थल का मुआयना किया।अपराधियों की धरपकड़ के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2, कल्याणपुर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन कर दिया गया है।घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी बुलाया गया है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की कई टीमें अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर इस पूरे दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। फिलहाल, नामापुर गांव और आसपास के इलाकों में एहतियातन पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।