मुंगेर में रिटायर्ड शिक्षिका की हत्या, बदमाशों ने लूटपाट के दौरान हाथ-पैर बांधकर उतारा मौत के घाट

बिहार के मुंगेर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बदमाशों ने रिटायर्ड शिक्षिका की हत्या कर घर में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

मुंगेर में रिटायर्ड शिक्षिका की हत्या, बदमाशों ने लूटपाट के दौरान हाथ-पैर बांधकर उतारा मौत के घाट

MUNGER: बिहार के मुंगेर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बदमाशों ने रिटायर्ड शिक्षिका की हत्या कर घर में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। रिटायर्ड शिक्षिका मंजू कुमारी असरगंज थाना क्षेत्र के रहमतपुर बासा स्थित अपने घर में अकेले रह रही थीं। उनके दो बेटे हैं, जिसमें एक भागलपुर तो दूसरा देवघर में रहता है।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को विक्रमपुर गांव के एक परिचित ने उनकी बेटी के कहने पर पूर्व शिक्षिका मंजू कुमारी को देखने गए तो पाया कि पूर्व शिक्षिका की डेड बॉडी पड़ी हुई है। मृतका के हाथ पैर बंधे थे और पलंग से नीचे लाश पड़ी हुई थी। घर में अलमारी सहित अन्य सामान बिखरा पड़ा हुआ था। गौरतलब है कि इससे पहले मृतका के पति मुरलीधर उपाध्याय की भी मौत 1980 में गोली लगने से हो गई थी।

जानकारी के मुताबिक, मृतका मध्य विद्यालय गोपी स्कूल में प्रधानाध्यापिका के पद से सेवानिवृत्त हुईं थी। वह अकेले घर में रहकर अपनी संपत्ति की देखभाल करती थीं। घटना की सूचना पर पुलिस निरीक्षक तारापुर चंदन कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी रागिनी कुमारी, थानाध्यक्ष शिव अमित प्रकाश कौशिक पहुंचे। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद तारापुर डीएसपी सिंधु शेखर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मामले के जांच में जुट गए।

उन्होंने बताया कि रिटायर्ड शिक्षिका की हत्या हाथ-पैर बांधकर की गई है और घर में भी सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा हुआ है। महिला अकेले घर में रहती थीं। महिला 2015 में रिटायर हुईं थी, तभी से वह अपने घर में रह रही थी। महिला के दो बेटे हैं। एक बेटा देवघर और दूसरा बेटा भागलपुर में रहता है। घटना किस कारण और कैसे हुई है, इसको लेकर पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भेज दिया।