पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ शातिर कैदी, शौच का बहाना बनाकर सिपाही को दौड़ाया,
नवादा सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ विचाराधीन बंदी असगर मलिक। शौच का बहाना बनाकर भागा, सीसीटीवी फुटेज आया सामने, जांच जारी।
बिहार के नवादा जिले के सदर अस्पताल से सुरक्षा व्यवस्था को धता बताने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ अस्पताल के कैदी वार्ड में इलाज के लिए भर्ती एक विचाराधीन बंदी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर रफूचक्कर हो गया। फरार बंदी की पहचान धमौल थाना क्षेत्र के अलाउद्दीन के पुत्र असगर मलिक उर्फ दारा के रूप में हुई है, जो चोरी के एक मामले में नवादा मंडल कारागार में बंद था।
मिली जानकारी के अनुसार, जेल में चक्कर आने और बेहोश होने की शिकायत के बाद असगर मलिक को गुरुवार (17 जुलाई) को इलाज के लिए सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार (18 जुलाई) को डॉक्टरों ने उसका सीटी स्कैन भी कराया, जिसकी रिपोर्ट पूरी तरह सामान्य आई। रिपोर्ट आने के कुछ ही देर बाद शातिर कैदी ने सुरक्षा में तैनात जवानों से शौच जाने का बहाना बनाया और पुलिस की नजरों से बचकर भाग निकला।
CCTV में पीछे दौड़ता दिखा सिपाही, अस्पताल में अफरा-तफरी:
कैदी वार्ड से बंदी के भागते ही पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह दलबल के साथ अस्पताल पहुंचे और तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैदी रूम से निकलकर बेहद तेजी से भाग रहा है और उसके पीछे सुरक्षा में तैनात एक सिपाही भी उसे पकड़ने के लिए दौड़ लगा रहा है। लेकिन शातिर कैदी सिपाही को गच्चा देकर अस्पताल परिसर से बाहर भागने में सफल रहा।
नवादा सदर अस्पताल से लगातार दूसरी बार किसी कैदी के फरार होने की इस घटना ने जिला पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है।