थाने में फंदे से लटकता मिला सहायक सब इंस्पेक्टर का शव, FSL की टीम बुलाई गई
समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर थाने में बड़ी वारदात। कल्याणपुर ट्रांसफर होने के बाद एएसआई (ASI) बबलू प्रसाद ने थाने की तीसरी मंजिल पर फंदे से लटककर दी जान। जांच में जुटी पुलिस।
समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। यहाँ मोहिउद्दीननगर थाने में आपातकालीन सेवा 112 में तैनात एक जमादार यानी सहायक सब इंस्पेक्टर (ASI) ने थाने के अंदर ही फंदे से लटककर अपनी जीवन-लीला समाप्त कर ली। मृतक अधिकारी की पहचान बबलू प्रसाद के रूप में की गई है, जिनका परिवार बगहा में रहता है। इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को ही एएसआई बबलू प्रसाद का ट्रांसफर समस्तीपुर जिले के ही कल्याणपुर थाने के 112 विभाग में होने की सूचना मिली थी। उन्हें शनिवार को नए थाने में जाकर अपना योगदान देना था। लेकिन इस बीच शुक्रवार की रात को ही उन्होंने मोहिउद्दीननगर थाने की तीसरी मंजिल (थर्ड फ्लोर) पर स्थित एक खाली पड़े कमरे में छत के हुक से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।
सुबह पुलिसकर्मियों ने देखा लटकता शव:
शनिवार की सुबह जब अन्य पुलिसकर्मी तीसरी मंजिल पर गए, तो उन्होंने कमरे में बबलू प्रसाद का शव फंदे से लटकता देखा। इसके बाद तुरंत मामले की जानकारी पुलिस के वरीय अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद शव को फंदे से नीचे उतारा गया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार को सूचित कर दिया गया है।
पटोरी एसडीपीओ समेत जिले के अन्य वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसए की स्पेशल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। जिस कमरे में सुसाइड की यह वारदात हुई, उसे पुलिस ने फिलहाल पूरी तरह सील कर दिया है।
एएसआई बबलू प्रसाद ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी वजह का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। क्या यह मानसिक तनाव का मामला था या कोई अन्य पारिवारिक व पेशेवर वजह, पुलिस इसकी गहराई से तफ्तीश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सभी एंगल्स से जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।