पटना में फर्जी जमीन के नाम पर करोड़ों की ठगी का खुलासा, गिरोह का सरगना गिरफ्तार

जमीन खरीदने का सपना दिखाकर लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले गिरोह के सरगना रवि रंजन को बेऊर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पटना में फर्जी जमीन के नाम पर करोड़ों की ठगी का खुलासा, गिरोह का सरगना गिरफ्तार
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA/BEUR: जमीन खरीदने का सपना दिखाकर लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले गिरोह के सरगना रवि रंजन को बेऊर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे गुरुवार को कुशवाहा चौक के पास से दबोचा। आरोपी पिछले दो वर्षों से फरार चल रहा था। वहीं, उसकी पत्नी माधुरी कुमारी और बेटा अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

फुलवारीशरीफ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-1 सह एएसपी नारायण उपाध्याय ने बताया कि आरोपी फर्जी जमीन और जाली दस्तावेज तैयार कर लोगों को जमीन बेचने का झांसा देता था। इस तरीके से उसने पटना के बेऊर और जक्कनपुर थाना क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया।

पुलिस जांच में बेऊर थाना क्षेत्र के चार लोगों से करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये और जक्कनपुर इलाके में लोगों से लगभग 80 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इसके अलावा सहरसा और शेखपुरा जिले में भी आरोपी पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, रवि रंजन ने वर्ष 2023-24 में बेऊर की तत्कालीन थानाध्यक्ष उषा सिन्हा और उनके परिवार के सदस्यों को भी फर्जी जमीन के कागजात दिखाकर लाखों रुपये का चूना लगाया था। वर्ष 2024 में संजीव प्रकाश की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी बिहार के अलग-अलग जिलों में छिपने के बाद दिल्ली में रह रहा था। छठ पूजा के दौरान उसके पटना आने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ठगी के पूरे नेटवर्क, रकम और गिरोह में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पत्नी और बेटे के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

दानापुर से रजत कुमार की रिपोर्ट