पूर्णिया में IB की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में रहने वाला शाहिद अख्तर गिरफ्तार

बिहार के पूर्णिया में आईबी ने बड़ी कार्रवाई की है. केंद्रीय खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक ऐसे संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तानी हैंडलर है. उसका एक इस्लामिक कट्टरपंथी नेटवर्क से संबंध है

पूर्णिया में IB की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में रहने वाला शाहिद अख्तर गिरफ्तार
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PURNEA: बिहार के पूर्णिया में आईबी ने बड़ी कार्रवाई की है. केंद्रीय खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक ऐसे संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तानी हैंडलर है. उसका एक इस्लामिक कट्टरपंथी नेटवर्क से संबंध है. मधुबनी थाना क्षेत्र के काली प्रसाद यादव टोला स्थित एक मकान से उसकी गिरफ्तारी हुई है.

संदिग्ध युवक की पहचान मधुबनी काली प्रसाद यादव टोला निवासी शमीम अख्तर के पुत्र शाहिद अख्तर (23 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस और खुफिया सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहिद अख्तर वर्ष 2025 से ही एक इस्लामिक कट्टरपंथी ग्रुप से जुड़ा हुआ था. जांच में यह बात सामने आई है कि युवक का नेटवर्क पाकिस्तान के अलावा हैदराबाद, पश्चिम बंगाल और देश के अन्य हिस्सों के संदिग्ध लोग भी जुड़े हुए थे.

यह पूरा ग्रुप देश विरोधी और संदिग्ध इस्लामिक गतिविधियों को अंजाम देने में सक्रिय था. आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से देश की सुरक्षा से जुड़ी बेहद संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां लगातार देश-विदेश के अन्य संदिग्ध हैंडलर्स के साथ साझा कर रहा था.

खुफिया इनपुट और पुख्ता डिजिटल सबूत हाथ लगने के बाद यह संदिग्ध केंद्रीय एजेंसी आईबी के रडार पर आ गया था. इसके बाद आईबी की टीम ने पूर्णिया पहुंचकर मधुबनी थाना पुलिस के सहयोग से उसके घर पर दबिश दी और उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया.

केंद्रीय एजेंसियों और एसटीएफ की गहन पूछताछ के बाद पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन और सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने भी मौके पर पहुंचकर आरोपी से लंबी पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।पिछले 24 घंटे से अधिक समय तक गुप्त स्थान पर रखकर आरोपी से मैराथन पूछताछ की गई है.

उसके पास से बरामद मोबाइल और लैपटॉप के जरिए देशविरोधी ताकतों और स्लीपर सेल के अन्य संपर्कों का पता लगाया जा रहा है. अब पुलिस और जांच एजेंसियां कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी में जुटी हुई हैं.