बिहार के इस जिले में हीटवेव ने मचाया तांडव, पिछले 12 घंटे में 11 लोगों की हीटवेव की वजह से गई जान

वहीं प्रदेश के कैमूर जिले में हीटवेव ने तांडव मचा रखा है। जिले में पिछले 12 घंटों में 11 लोगों की मौत हो चुकी है। अगर हिसाब लगाया जाए तो हर घंटे एक इंसान जानलेवा गर्मी की वजह से अपनी जान से हाथ धो रहा है।

बिहार के इस जिले में हीटवेव ने मचाया तांडव, पिछले 12 घंटे में 11 लोगों की हीटवेव की वजह से गई जान

PATNA: बिहार में आसमान से आग बरस रही है। बारिश की एक-एक बूंद के लिए लोग टकटकी लगाए बैठे हैं। देह जलाती धूप और बदन को चिरती लू ने लोगों को घर में बंद होने को मजबूर कर दिया है। वहीं प्रदेश के कैमूर जिले में हीटवेव ने तांडव मचा रखा है। जिले में पिछले 12 घंटों में 11 लोगों की मौत हो चुकी है। अगर हिसाब लगाया जाए तो हर घंटे एक इंसान जानलेवा गर्मी की वजह से अपनी जान से हाथ धो रहा है।

जिले में मरने वाले 11 लोगों में से 7 लोग सदर अस्पताल में भर्ती थे और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हर घंटे में औसतन एक मौत से जिले में हड़कंप मच गया है। डीएम समेत अन्य आला अधिकारी भी मंगलवार सुबह सदर अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

जानकारी के मुताबिक भभुआ स्थित कैमूर सदर अस्पताल में चार शवों का पोस्टमार्टम हुआ है, इनमें से एक की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, तीन अन्य मृतकों में रामगढ़ निवासी कमलेश बिंद, बक्सर निवासी सुखारी यादव और रोहतास निवासी मंटू पाल शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि सदर अस्पताल में भर्ती जिन 7 लोगों ने बीते कुछ घंटों में दम तोड़ा उनके शवों को परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही अपने घरों को ले गए। सभी हीटवेव की वजह से बीमार पड़े थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इन मृतकों में भगवानपुर निवासी 25 साल की एक युवती भी शामिल है। वहीं, एक 40 वर्षीय महिला है। बाकी सभी मृतकों की उम्र 60 साल या उससे ऊपर है।

मौसम विभाग ने मंगलवार को भी कैमूर समेत दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है। लोगों से कड़ी धूप में बाहर न निकलने, खुद को हाइड्रेट रखने की सलाह दी गई है। सोमवार को भी बिहार में 14 लोगों की भीषण गर्मी से मौत हो गई थी, इनमें सबसे ज्यादा पांच-पांच मौतें औरंगाबाद और जहानाबाद में हुई थी।