हवा में बनेगी सरकार..! सीएम नीतीश और तेजस्वी यादव एक ही फ्लाइट से दिल्ली रवाना..

मंगलवार (4 जून) को 2024 लोकसभा चुनाव के नतीजे आ गए। जिसमें जनता ने किसी भी एक राजनीतिक पार्टी को बहुमत नहीं दिया है। जिसके बाद बैठकों का दौर शुरु हो गया है।

हवा में बनेगी सरकार..! सीएम नीतीश और तेजस्वी यादव एक ही फ्लाइट से दिल्ली रवाना..
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: मंगलवार (4 जून) को 2024 लोकसभा चुनाव के नतीजे आ गए। जिसमें जनता ने किसी भी एक राजनीतिक पार्टी को बहुमत नहीं दिया है। जिसके बाद बैठकों का दौर शुरु हो गया है। एक तरफ शाम 4 बजे एनडीए की बैठक होनी है। वहीं दूसरी तरफ शाम 6 बजे इंडिया गठबंधन की बैठक है। बिहार में एनडीए के सहयोगी जेडीयू के अध्यक्ष और सीएम नीतीश कुमार भी एनडीए की बैठक में शामिल होंगे। वहीं इंडिया अलायंस की बैठक में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव शामिल होंगे।

अब इसे संयोग कहें या फिर प्रयोग, नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव एक ही फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हुए। चुनाव नतीजों के बाद से अचानक नीतीश कुमार की चर्चा काफी तेज हो हई है। दरअसल कुछ दिन पहले एक चुनावी रैली में तेजस्वी यादव ने कहा था कि नीतीश कुमार 4 जून के बाद बड़ा फैसला ले सकते हैं। वहीं नीतीश कह चुके हैं कि अब वो इधर-उधर कहीं नहीं जाने वाले हैं।

नतीजों की बात करें तो बिहार में एनडीए को 30 और इंडिया गठबंधन को 9 सीटें मिलीं, जबकि बाकी एक सीट पूर्णिया में निर्दलीय पप्पू यादव ने जीती है। एनडीए में जेडीयू को 12, भाजपा को 12, लोजपा (आर) को 5 और हम को एक सीट हासिल हुई। जदयू को चार और भाजपा को पांच सीटों का झटका लगा है। जदयू को किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया और जहानाबाद में हार का सामना करना पड़ा। जबकि, भाजपा को पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, औरंगाबाद एवं सासाराम (सु.) में शिकस्त मिली। लोजपा (आर) ने अपनी सभी पांच सीटें जीत लीं।