बिजनौर: कोतवाली परिसर में दुष्कर्म पीड़िता ने खुद पर छिड़का पेट्रोल, हालत नाजुक, SHO सस्पेंड
बिजनौर में जब दुष्कर्म पीड़िता ने थाने में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर लगा ली आग
बिजनौर, यूपी : खबर उत्तर प्रदेश के बिजनौर से है, जहां बिजनौर कोतवाली नगर परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब दुष्कर्म पीड़िता ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी युवती को पुलिसकर्मियों ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। पीड़ित की हालत नाजुक बनी हुई है, वह करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गई है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी और एसपी सिटी थाने पहुंचे और अधीनस्थों से जानकारी की। एसपी ने मामले में थाना प्रभारी अमर सिंह राठौर को निलंबित किया है।
रिपोर्ट के अनुसार किरतपुर थाना क्षेत्र के एक ग्राम निवासी 25 वर्षीय युवती रविवार शाम कोतवाली नगर थाने पहुंची थी। वह काफी समय तक थाने में मौजूद रही। रविवार रात दुष्कर्म पीड़िता ने किसी पुलिसकर्मी से बात करने के बाद अचानक अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। घटना के बाद कोतवाली परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों व अन्य लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
आपको बता दें कि युवती ने कुछ समय पूर्व कोतवाली नगर थाने में आर्मी में कार्यरत युवक के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए दो एफआईआर दर्ज कराई थीं। बताया जाता है कि पीड़िता रविवार को इसी मामले में युवक की गिरफ्तारी कराने को लेकर थाने पहुंची थी।एसपी अभिषेक झा के मुताबिक आरोपी युवक ने एक मुकदमे में हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे ले रखा है। पटना से एनबीसी 24 के लिए सचिन वर्मा की रिपोर्ट।