बिहार: हथियार चलाने नहीं आता तो इस्तीफा दें! सम्राट चौधरी ने पुलिस को दी कड़ी चेतावनी

पटना के संपतचक में उपमुख्यमंत्री सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस की कार्यशैली पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जिन्हें हथियार चलाना नहीं आता, वे इस्तीफा दें। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ पुलिस को पूरी छूट देने और कानून-व्यवस्था को सख्त बनाने की बात कही।

बिहार: हथियार चलाने नहीं आता तो इस्तीफा दें! सम्राट चौधरी ने पुलिस को दी कड़ी चेतावनी
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना: बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार अब सख्त रुख अपनाती नजर आ रही है। राज्य के उपमुख्यमंत्री सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के संपतचक में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस की कार्यशैली पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जिन पुलिसकर्मियों को हथियार चलाना नहीं आता, उन्हें विभाग में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।सम्राट चौधरी ने मंच से पुलिस अधिकारियों और जवानों को चेतावनी देते हुए कहा कि अपराध के खिलाफ लड़ाई में अब किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा, “अगर हथियार चलाना नहीं आता है तो इस्तीफा दीजिए और घर जाकर बैठिए।” उनके इस बयान को पुलिस व्यवस्था में कसावट लाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश देने के तौर पर देखा जा रहा है।

अपराधियों के खिलाफ पुलिस को फ्री हैंड

गृहमंत्री ने कहा कि बदला हुआ भारत अब सुरक्षा बलों के हाथ नहीं बांधता। केंद्र सरकार की तर्ज पर बिहार में भी पुलिस को अपराधियों के खिलाफ पूरी छूट दी गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून तोड़ने वालों के साथ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाए। सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि समाज से ‘कचरा’ यानी आपराधिक तत्वों का पूरी तरह सफाया होना चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की नाकामी की वजह से आम जनता में असुरक्षा की भावना पैदा होती है, जिसे किसी भी कीमत पर खत्म करना जरूरी है। अब पुलिस को जवाबदेही के साथ काम करना होगा और परिणाम दिखाने होंगे।

कानून-व्यवस्था से जुड़ा है बिहार का विकास

सम्राट चौधरी ने कानून-व्यवस्था को राज्य के आर्थिक विकास से जोड़ते हुए कहा कि जब तक बिहार में मजबूत कानून व्यवस्था नहीं होगी, तब तक उद्योग और निवेश नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि उद्योगों का विकास तभी संभव है, जब निवेशकों को सुरक्षा का भरोसा हो। पुलिस की सक्रिय भूमिका से ही रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य के राजस्व में वृद्धि होगी।

संपतचक में डिग्री कॉलेज का ऐलान

पटना के प्रभारी मंत्री के रूप में सम्राट चौधरी ने विकास कार्यों की भी घोषणा की। उन्होंने मंच से ऐलान किया कि संपतचक में अगले साल तक एक डिग्री कॉलेज खोला जाएगा। इसके लिए उन्होंने मौके पर मौजूद अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) को जमीन चिन्हित करने और उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के बाद अब सरकार का फोकस शिक्षा और रोजगार पर है। युवाओं को बेहतर शिक्षा मिलेगी तो बिहार को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।सम्राट चौधरी का यह सख्त बयान साफ संकेत देता है कि बिहार सरकार अब अपराध और लापरवाही के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ रही है। पुलिस और प्रशासन दोनों के लिए यह एक स्पष्ट संदेश है—या तो जिम्मेदारी निभाइए, या रास्ता छोड़िए।